टिकट के नाम पर साइबर ठगी का अलर्ट
रिपोर्ट: जय व्यास/इंदौर
Indore Cricket Ticket Scam Alert: इंदौर में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच बड़ा मुकाबला होने वाला है. इस मैच की ऑनलाइन टिकट बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है. इसके बावजूद इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया पर टिकट दिलाने के विज्ञापन धड़ल्ले से दिख रहे हैं. इसी को देखते हुए पुलिस को ठगी की आशंका है और लोगों को अलर्ट किया गया है.
फर्जी टिकट देकर पैसे ऐंठने का शक
क्राइम ब्रांच का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर खुद को टिकट देने वाला बता रहे हैं. वो लोगों से कहते हैं कि उनके पास एक्स्ट्रा टिकट हैं. आशंका है कि ऐसे लोग एडवांस में पैसा लेकर फर्जी टिकट थमा सकते हैं या फिर पैसा लेकर गायब हो सकते हैं. पुलिस ने साफ कहा है कि अब आधिकारिक तौर पर ऑनलाइन टिकट नहीं मिल रहे हैं.
संदिग्ध लिंक और QR कोड से रहें बचकर
अगर कोई अनजान शख्स सोशल मीडिया पर टिकट देने का दावा करे और आपको किसी लिंक, वेबसाइट या QR कोड पर पेमेंट करने को कहे तो तुरंत सावधान हो जाएं. ठग इसी बहाने आपके मोबाइल का एक्सेस ले सकते हैं. आपके बैंक अकाउंट की डिटेल भी चोरी हो सकती है. एक बार लिंक पर क्लिक किया तो आपका पूरा डेटा खतरे में पड़ सकता है.
निजी जानकारी किसी से शेयर ना करें
क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि टिकट के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को एडवांस पैसा बिल्कुल न दें. सोशल मीडिया पर मिले किसी भी संदिग्ध लिंक पर अपनी पर्सनल जानकारी या बैंक डिटेल शेयर न करें. ठग टिकट के बहाने न सिर्फ पैसा लूटते हैं बल्कि आपकी गोपनीय जानकारी भी हासिल कर लेते हैं.
ये भी पढ़ें-अखिलेश के PDA फॉर्मूले में सेंध! ओवैसी ने 150 सीटों पर ठोका दावा, क्या बंट जाएगा मुस्लिम वोट?
एडिशनल डीसीपी ने की लोगों से अपील
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा है कि मैच का क्रेज देखकर ठग सक्रिय हो गए हैं. लोग जल्दबाजी में ठगी का शिकार हो सकते हैं. इसलिए किसी भी अनजान ऑफर पर भरोसा न करें. अगर कोई संदिग्ध मैसेज या विज्ञापन दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. सतर्क रहेंगे तभी ठगी से बच पाएंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

