Bharat Express DD Free Dish

IPL 2025: हार्दिक और तिलक की धमाकेदार पारी रही बेकार, वानखेड़े में RCB ने 10 साल बाद मुंबई को हराया

IPL 2025 के रोमांचक मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराया. हार्दिक और तिलक की तूफानी पारियां भी टीम को जीत नहीं दिला सकीं.

IPL 2025 MI vs RCB

IPL 2025 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हरा दिया. यह मैच मुंबई के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. खास बात ये रही कि पिछले 10 सालों में पहली बार RCB ने मुंबई को उसके घर में हराया है.

मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए. विराट कोहली और रजत पाटीदार ने शानदार अर्धशतक लगाए. मुंबई को जीत के लिए 222 रनों की जरूरत थी, लेकिन टीम 209 रन ही बना सकी.

RCB की पारी

RCB की शुरुआत खराब रही. पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने कमाल की पारी खेली. देवदत्त पडिक्कल ने भी अच्छी शुरुआत की और 37 रन बनाए.

कोहली ने 42 गेंदों में 67 रन ठोके. 15वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने एक ही ओवर में कोहली और लियाम लिविंगस्टन को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद रजत पाटीदार ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने 32 गेंदों पर 64 रनों की शानदार पारी खेली. इस तरह RCB ने मुंबई के सामने 222 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया.

मुंबई की पारी

जवाब में मुंबई की शुरुआत भी लड़खड़ा गई. रोहित शर्मा ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वो 17 रन बनाकर आउट हो गए. चौथे ओवर में रकल्टन भी चलते बने. उन्होंने भी सिर्फ 17 रन ही बनाए. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वो भी 28 रन बनाकर आउट हो गए. फिर आए हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा. दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की. हार्दिक ने 15 गेंद में 42 रन बनाए, जबकि तिलक ने 29 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली.

एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई ये मैच आसानी से जीत जाएगी. लेकिन अंतिम ओवरों में भुवनेश्वर कुमार ने बाजी पलट दी. आखिर में मुंबई की पूरी टीम 209 रन ही बना सकी और मुकाबला 12 रन से RCB के नाम रहा.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस: विल जैक्स, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नामन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, विग्नेश पुथुर.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, राजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल.


ये भी पढ़ें- IPL 2025 MI vs RCB Match Preview: MI vs RCB में महामुकाबला आज, बुमराह की वापसी से चमकेगी मुंबई या कोहली-पाटीदार की जोड़ी पलटेगी पासा?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read