Bharat Express DD Free Dish

IPL 2026: चेपॉक में टूटा मुंबई का गुरूर, हार के बाद भावुक हुए हार्दिक पांड्या; क्या अब खत्म हो गया MI का सफर?

मुंबई इंडियंस की एक और हार ने फैंस का दिल तोड़ दिया है. मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या का दर्द छलक उठा, वहीं अब टीम की प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है. क्या मुंबई अब भी चमत्कार कर सकती है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट.

IPL 2026, Mumbai Indians, Hardik Pandya

Hardik Pandya Emotional: चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शनिवार की रात मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही. चेन्नई सुपर किंग्स ने दूसरे राउंड के मुकाबले में भी मुंबई को 8 विकेट से एकतरफा शिकस्त दे दी. इस हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या का जो रूप नजर आया, उसने फैंस को भी भावुक कर दिया. मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान हार्दिक काफी हताश दिखे और उनकी बातों में इस पूरे सीजन का दर्द साफ छलक रहा था.

हार्दिक का छलका दर्द

जब मैच के बाद प्रेजेंटर ने हार्दिक से पूछा कि क्या आज उनका दिन खराब था, तो पांड्या ने बहुत ही भावुक होकर जवाब दिया. उन्होंने भारी मन से कहा, “मुझे लगता है कि सिर्फ आज का दिन ही नहीं, बल्कि यह पूरा सीजन ही हमारे हक में नहीं रहा.” हार्दिक की ये बातें बताने के लिए काफी थीं कि टीम की लगातार हार उन्हें अंदर से कितना परेशान कर रही है.

हार्दिक खुद इस मैच में ‘फिनिशर’ की भूमिका निभाने में पूरी तरह नाकाम रहे. उन्होंने 23 गेंदें खेलीं लेकिन सिर्फ 18 रन ही बना पाए. उनके बल्ले से गेंद उस तरह कनेक्ट ही नहीं हो रही थी जिसके लिए वो जाने जाते हैं. उन्होंने माना कि मिडिल ओवर्स के बाद टीम ने लय खो दी और वो अपनी पारी को सही अंत नहीं दे पाए.

अब चमत्कार ही बचा सकता है मुंबई को

चेन्नई के हाथों मिली इस करारी हार के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो गई है? अगर तकनीकी तौर पर देखें तो जवाब ‘ना’ है, लेकिन हकीकत यह है कि उनके लिए रास्ता लगभग बंद हो चुका है.

मुंबई के पास अब केवल 5 मैच बचे हैं और अगर टीम इन पांचों को जीत भी लेती है, तो वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी. आईपीएल के इतिहास में 14 अंकों के साथ टीमें अंतिम-4 में पहुंची तो हैं, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा होना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा.

अब सिर्फ अपने मैच जीतना मुंबई के लिए काफी नहीं होगा, बल्कि उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा. उन्हें दुआ करनी होगी कि पॉइंट्स टेबल में ऊपर बैठी टीमें अपने मैच हारें और नेट रन रेट का गणित उनके पक्ष में बैठ जाए.

ये भी पढ़ें- CSK vs MI: मुंबई ने चेन्नई को 160 का टारगेट, नमन धीर का दमदार अर्धशतक

CSK के सामने फिर बेबस दिखी मुंबई

आईपीएल के इतिहास में ऐसा केवल तीसरी बार हुआ है जब चेन्नई ने एक ही सीजन के दोनों मैचों में मुंबई को पटखनी दी हो. 2014 और 2023 के बाद अब 2026 में चेन्नई ने यह दबदबा दिखाया है. पहले मैच में 103 रनों की बड़ी हार और अब 8 विकेट की शिकस्त ने मुंबई के आत्मविश्वास को हिलाकर रख दिया है. पांड्या ने भी खुले दिल से स्वीकार किया कि चेन्नई ने हर विभाग में उनसे बेहतर खेल दिखाया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read