Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पूर्व क्रिकेटर जोगिंदर शर्मा समेत इन खिलाड़ियों ने दिया मोटापे के खिलाफ संदेश, खेल मंत्री ने पोरबंदर में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का नेतृत्व किया

पूर्व क्रिकेटर जोगिंदर शर्मा ने दिल्ली में “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” अभियान में भाग लिया, जिसमें 1000 से अधिक साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया, वहीं केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पोरबंदर में इस अभियान का नेतृत्व किया.

joginder sharma fit india

भारत को पहला टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व क्रिकेटर जोगिंदर शर्मा, जिन्होंने 2007 के ऐतिहासिक फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर डाला था, रविवार को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान में शामिल हुए. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू हुआ और इंडिया गेट सी हेक्सागन, कर्तव्य पथ, विजय चौक होते हुए वापस स्टेडियम पर समाप्त हुआ.

हरियाणा सरकार में डीएसपी के रूप में कार्यरत जोगिंदर शर्मा ने लगभग 1000 साइकिल चालकों का नेतृत्व किया, जिनमें विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी भी शामिल थे. इनमें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, रेल मंत्रालय, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, इंजीनियरिंग इंडिया लिमिटेड, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, दिल्ली सरकार, खनिज अन्वेषण और परामर्श लिमिटेड, आयुष मंत्रालय, गृह कल्याण केंद्र, राजस्व विभाग और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधिकारी शामिल थे.

जोगिंदर शर्मा ने इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारत सरकार की एक बेहतरीन पहल है, जो पूरे देश में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित कर रही है. संडे ऑन साइकिल इसका एक छोटा उदाहरण है. हमने करीब छह से सात किलोमीटर की साइकिल यात्रा की, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हुए. मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय खेल प्राधिकरण का आभार व्यक्त करता हूं कि वे फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा दे रहे हैं. साथ ही, मैं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को भी इस शानदार पहल के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. हमें स्वस्थ आहार लेना चाहिए और ऐसे खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए जो हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं.

इस पहल में जोगिंदर के साथ एशियन गेम्स पदक विजेता स्क्वैश खिलाड़ी रमित टंडन, अनाहत सिंह और प्रसिद्ध स्क्वैश कोच ग्रेगरी गॉल्टियर भी शामिल हुए. इन खिलाड़ियों ने मोटापे और प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए इस साइक्लिंग मूवमेंट का हिस्सा बनकर खुशी जाहिर की.

अनाहत सिंह ने कहा कि इतने लोगों के साथ इस इवेंट में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा. मैंने पूरी जिंदगी दिल्ली में बिताई है और इंडिया गेट के पास इस तरह साइकिल चलाना शानदार अनुभव था. खेल में फिटनेस और न्यूट्रिशन उतना ही जरूरी है जितना खेल को सीखना. स्वस्थ रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.

रमित टंडन ने कहा कि जब मैं आमतौर पर स्क्वैश खेलता हूं तो वह बहुत तेज और तीव्र होता है, लेकिन आज पहली बार मैंने इतना मजेदार अनुभव किया. फिट इंडिया मूवमेंट सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और यह पूरे देश के नागरिकों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है. सुबह-सुबह इतने लोगों को इस तरह की गतिविधियों में शामिल होते देखना वाकई संतोषजनक अनुभव था.

पोरबंदर में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 650 साइकिल चालकों का नेतृत्व किया. इस अभियान में 15 राज्य और केंद्रीय सरकारी कार्यालयों के अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने नागरिकों को साइकिलिंग अपनाने और सेहत पर ध्यान देने की अपील की.

खेल मंत्री ने कहा कि देश की प्रगति के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना जरूरी है. अगर हमें मजबूत भारत बनाना है, तो हमें स्वास्थ्य में निवेश करना होगा. उन्होंने लोगों से फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आग्रह किया.

इस कार्यक्रम में पोरबंदर कलेक्टरेट, गुजरात पुलिस, गुजरात खेल प्राधिकरण, मत्स्य आयुक्तालय, भारतीय नौसेना, भारतीय डाक विभाग, भारतीय कस्टम विभाग, भारतीय तटरक्षक बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक सहित कई संस्थानों के अधिकारी शामिल हुए. इसके अलावा, भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सतीश वासुदेव, जिलाधिकारी एस. डी. धनानी और विधायक अर्जुन मोढवाडिया भी अपनी टीम के साथ इस कार्यक्रम में मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: फूड प्लाजा की तरह प्रदेश कर सभी एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ करें अस्पताल की व्यवस्था: CM Yogi

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital