Bharat Express DD Free Dish

Champions Trophy 2025: लुंगी एनगिडी ने हवा में लगाई छलांग, लिया ऐसा कैच जिसे देख सब रह गए दंग

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका (ENG vs SA) के बीच खेले जा रहे मुकाबले में लुंगी एनगिडी ने अब तक का सबसे बेहतरीन कैच पकड़ा.

Eng Vs RSA

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका (ENG vs SA) के बीच खेले जा रहे मुकाबले में लुंगी एनगिडी ने अब तक का सबसे बेहतरीन कैच पकड़ा. यह घटना इंग्लैंड की पारी के 26वें ओवर में घटी, जब कगिसो रबाडा की गेंद पर जेमी ओवरटन ने एक शॉट खेला.

रबाडा की तीसरी गेंद पर ओवरटन ने फ्लिक किया, जिससे गेंद हवा में ऊंची उठ गई और मिड ऑन पर खड़े लुंगी एनगिडी के सिर के पीछे की ओर जाती दिखी. यह कैच पकड़ना बेहद मुश्किल था, क्योंकि एनगिडी को पीछे दौड़कर न सिर्फ गेंद तक पहुंचना था, बल्कि संतुलन बनाए रखते हुए कैच भी लपकना था.

हालांकि, एनगिडी ने गजब की फुर्ती और बेहतरीन एथलेटिसिज्म दिखाते हुए दौड़ लगाई और हवा में शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया. यह कैच इतना शानदार था कि इसे ‘कैच ऑफ द टूर्नामेंट’ कहा जा सकता है.

इंग्लैंड की हालत पतली

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में फिल साल्ट का विकेट गिर गया, जिससे टीम दबाव में आ गई. इसके बाद जब इंग्लैंड ने 129 रन बनाए थे, तब लुंगी एनगिडी ने जेमी ओवरटन का यह अद्भुत कैच पकड़ा, जो इंग्लैंड का सातवां विकेट साबित हुआ.

लुंगी एनगिडी का यह कैच क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे इस टूर्नामेंट का सबसे बेहतरीन कैच माना जा रहा है. इंग्लैंड ने कुल 179-10 (38.2 Ov) रन बनाए जिसमें दक्षिण अफ्रीका की टीम को 180 रनों का टारगेट मिला.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read