PHDCCI Sports CSR Summit Delhi: विवेक/दिल्ली: देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अब सरकार के साथ-साथ कॉर्पोरेट घरानों से भी बड़ी अपेक्षाएं की जा रही हैं. नई दिल्ली के मशहूर पीएचडी हाउस (PHD House) में एचसीएल फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत ‘स्पोर्ट्स सीएसआर लीडरशिप इंपैक्ट समिट’ का आयोजन किया गया. इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने साफ शब्दों में कहा कि देश में स्पोर्ट्स कल्चर को मजबूत करने के लिए कंपनियों को अपने सीएसआर (CSR) फंड का इस्तेमाल खेलों से जुड़े प्रोजेक्ट्स में करना चाहिए.
सरकार और कॉर्पोरेट की साझेदारी से बदलेगी तस्वीर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देश भर में खेल का एक बेहतरीन माहौल बन रहा है. केंद्र और राज्य सरकारें इस दिशा में लगातार काम कर रही हैं, लेकिन अगर इसमें देश का कॉर्पोरेट सेक्टर भी अपने सीएसआर फंड के जरिए जुड़ जाए, तो खेल जगत को एक नई ताकत मिल सकती है. उन्होंने बताया कि नीति आयोग के नियमों के तहत सीएसआर के दायरे में खेल भी शामिल हैं, और कंपनियों को इसका पूरा लाभ उठाकर खेल विकास में योगदान देना चाहिए.
वहीं, पीएचडीसीसीआई (PHDCCI) के सीईओ डॉ. रंजीत मेहता ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा खेल सेक्टर को सीएसआर से जोड़ना इंडस्ट्री के लिए एक शानदार कदम है. उन्होंने कहा कि देश की विशाल युवा आबादी, जिनकी उम्र 35 साल से कम है, खेलों के विकास में सबसे बड़ी ताकत बन सकती है. आने वाले साल 2047 में जब देश अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब खेल देश की अर्थव्यवस्था और पहचान में एक बहुत बड़ा योगदान देंगे. डॉ. मेहता ने भरोसा दिलाया कि पीएचडीसीसीआई के सभी सदस्य खिलाड़ियों और खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे.
दिग्गज हस्तियों ने साझा किए विचार
‘Empowering Youth, Women and Communities Through Sports’ थीम पर आधारित इस समिट में देश के कई जाने-माने दिग्गजों ने शिरकत की. इस दौरान भारतीय पहलवान योगेश्वर दत्त, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की गवर्निंग बॉडी के सदस्य और नेशनल सेक्रेटरी डॉ. पीयूष जैन समेत कई विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार रखे. सम्मेलन का मुख्य संदेश यही रहा कि यदि सरकार, कॉर्पोरेट जगत और खेल प्रेमी मिलकर काम करें, तो भारत को ग्लोबल स्पोर्ट्स पावर बनने से कोई नहीं रोक सकता.
यह भी पढ़ें: क्या वैभव सूर्यवंशी की खुलेगी किस्मत? न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले बाहर हुआ ये खिलाड़ी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






