Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

राजस्थान रॉयल्स ने राहुल द्रविड़ को मुख्य कोच नियुक्त किया

राहुल द्रविड़ नौ साल बाद राजस्थान रॉयल्स में वापसी कर रहे हैं. इस दौरान उन्हें वर्तमान कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ फिर से काम करने का मौका मिलेगा.

Rahul Dravid

राहुल द्रविड़ (फोटो- IANS)

Vikash Jha Edited by Vikash Jha

पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ को राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति मल्टी ईयर कॉन्ट्रैक्ट पर हुई है. राहुल द्रविड़ का भारतीय टीम के कोच के रूप में कार्यकाल इस साल जून में बारबाडोस में हुए टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद खत्म हो गया था. द्रविड़ ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मैं उस फ्रेंचाइजी में वापस आ रहा हूं, जिसे मैंने कई सालों तक अपना घर माना है. वर्ल्ड कप के बाद मुझे लगा कि यह सही समय है कि मैं एक नई चुनौती को स्वीकार करूं, और राजस्थान रॉयल्स इसके लिए सबसे सही जगह है.”

द्रविड़ ने अपने बयान में कहा, “मनोज, जेक, कुमार और टीम ने फ्रेंचाइजी को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत की है. हमारे पास जो टैलेंट और संसाधन हैं, उनके साथ हम इस टीम को अगले स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं. मैं जल्द ही काम शुरू करने के लिए उत्साहित हूं.” द्रविड़ 2011 से 2015 तक राजस्थान रॉयल्स के साथ पांच सीजन तक जुड़े रहे, जहां उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी. अब वह फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा के साथ मिलकर टीम की रणनीति पर काम करेंगे.

संगकारा ने कहा, “राहुल क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन पिछले दस सालों में उन्होंने कोच के रूप में जो हासिल किया है, वह अद्भुत है. उनकी कोचिंग में खिलाड़ियों को निखारने और उन्हें शीर्ष स्तर पर लगातार प्रदर्शन करने के लिए तैयार करने की क्षमता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी. मैंने उनके साथ टीम की भविष्य की योजना पर कुछ अच्छी बातचीत की है और वह रिजल्ट देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.”

राहुल द्रविड़ इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर रह चुके हैं. इसके बाद वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में गए, जहां उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम को 2018 में वर्ल्ड कप जिताया और 2016 में उपविजेता बनाया. उन्होंने भारत ‘ए’ टीम की कोचिंग भी की और एनसीए के क्रिकेट प्रमुख बने. भारत की सीनियर टीम के मुख्य कोच के रूप में, द्रविड़ ने टीम को टेस्ट, वनडे और टी20 में शीर्ष रैंकिंग तक पहुंचाया. 2023 में एशिया कप जीता, और उसी साल वनडे वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में टीम को पहुंचाया. इसके बाद उनका कार्यकाल इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ समाप्त हुआ.

राजस्थान रॉयल्स के सीईओ जेक लश मैक्रम ने कहा, “राहुल के पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन कराने का अनुभव है. उनकी सोच और हमारे फ्रेंचाइजी के मूल्यों में बेहतरीन तालमेल है. सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं देखकर लग रहा है कि वे उन्हें वापस पाकर बेहद उत्साहित हैं. राहुल ने संगकारा और बाकी टीम के साथ मिलकर पहले ही काम शुरू कर दिया है, ताकि आईपीएल नीलामी और टीम के चयन के लिए हम पूरी तरह से तैयार रहें.”

नौ साल बाद राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स में वापसी कर रहे हैं. इस दौरान उन्हें वर्तमान कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ फिर से काम करने का मौका मिलेगा. संजू ने फ्रैंचाइजी और भारतीय टीम में द्रविड़ के मार्गदर्शन में ही अपनी जगह बनाई थी. आरआर में द्रविड़ का पहला काम आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के लिए रणनीति तैयार करना होगा, जिसकी रिटेंशन नीतियां अभी औपचारिक रूप से घोषित नहीं की गई हैं.


ये भी पढ़ें- Paris Paralympics 2024: प्रवीण कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद T64 में एशियाई रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital