Sanju Samson Birthday: भारतीय क्रिकेट में अगर किसी खिलाड़ी की बात हो जो जितना टैलेंटेड है उतना ही रहस्यमय भी, तो वो नाम है, संजू सैमसन. केरल के इस खिलाड़ी ने अपने शांत स्वभाव, दमदार बल्लेबाजी और कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है. आज जब संजू सैमसन 31 साल के हो गए हैं, तो उनकी क्रिकेट जर्नी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती. आईए आज क्रिकेटर की जन्मदिन पर उनसे जुड़े कुछ अनसुने किस्सो के बारे में आपको बताते हैं.
केरल के छोटे गांव से उठी बड़ी उम्मीद
संजू का जन्म केरल के पुल्लुविला नाम के तटीय गांव में हुआ था, जो तिरुवनंतपुरम के पास है. उनके पिता सैमसन विश्वनाथ दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल थे और खुद एक फुटबॉल खिलाड़ी भी रहे. जब छोटे संजू दिल्ली की अंडर-13 टीम में जगह नहीं बना पाए, तो उनके पिता ने नौकरी छोड़ दी और पूरा परिवार केरल लौट आया, सिर्फ इसलिए कि बेटे का क्रिकेट का सपना पूरा हो सके.
बचपन से रहे क्रिकेट का उभरता सितारा
संजू सैमसन बचपन से ही कमाल के बल्लेबाज रहे. उन्होंने केरल अंडर-13 टीम की कप्तानी की और एक टूर्नामेंट में करीब 1000 रन ठोके. इसके बाद उन्होंने अंडर-16 और अंडर-19 स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया और जल्द ही घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना ली.
IPL से मिली पहचान, कप्तान के रूप में भी किया कमाल
संजू ने 2013 में राजस्थान रॉयल्स से IPL डेब्यू किया और उसी साल उन्हें ‘एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड मिला. तब से लेकर अब तक उन्होंने IPL में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है.
2025 तक उन्होंने 4700 से ज्यादा रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 139 से ऊपर है और उनके नाम तीन शतक दर्ज हैं. दिलचस्प बात ये है कि पूरे IPL करियर में वे लगभग सिर्फ राजस्थान रॉयल्स से जुड़े रहे हैं, सिर्फ 2012 में वे कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में थे.
2024 का सीजन उनके करियर के लिए यादगार रहा, जब उन्होंने कप्तान के तौर पर 531 रन 153 के स्ट्राइक रेट से बनाए और टीम को कई रोमांचक जीत दिलाईं.
टीम इंडिया में संजू का सफर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी संजू सैमसन ने अपनी काबिलियत दिखाई है. वनडे में उनका औसत 56.67 है और उनका सबसे बड़ा स्कोर 108 रन रहा है. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने तीन शतक जड़े हैं और एक भारतीय विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है. 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में वो भारतीय टीम का हिस्सा थे, भले ही उन्हें कोई मैच खेलने का मौका न मिला हो, लेकिन टीम के जश्न में उनका योगदान अहम रहा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

