Bharat Express DD Free Dish

वर्ल्ड कप जिताया फिर भी कप्तानी से धोना पड़ा हाथ! Suryakumar Yadav की कप्तानी छिनी, जानिए अब कौन बनेगा?

Suryakumar Yadav: सूर्यकुमार यादव को आगामी टीम चयन में शामिल नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही इस फैसले की जानकारी दे दी जाएगी. भारतीय टीम को इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है.

Suryakumar Yadav

Suryakumar Yadav

Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम की टी20 कप्तानी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने का फैसला लिया गया है. बताया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही नए टी20 कप्तान के नाम का ऐलान कर सकता है.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं ने मिलकर टीम को नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है. रिपोर्ट में बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीता, लेकिन उनकी हालिया फॉर्म और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए बदलाव का फैसला किया गया है.

आगामी टीम चयन में नहीं होंगे शामिल

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सूर्यकुमार यादव को आगामी टीम चयन में शामिल नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही इस फैसले की जानकारी दे दी जाएगी. भारतीय टीम को इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है.

पिछले कुछ समय से सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है. आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला खामोश रहा. उन्होंने 13 मैचों में 270 रन बनाए, हालांकि सीजन के आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक जरूर जड़ा था.

वर्ल्ड कप में भी फीका रहा प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के बावजूद बतौर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन खास नहीं रहा, जिसके बाद उनकी जगह और भूमिका को लेकर लगातार चर्चा होती रही. गौरतलब है कि 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा के संन्यास लेने पर सूर्यकुमार यादव को इस फॉर्मेट का कप्तान बनाया गया था.

ये भी पढ़ें- भुवनेश्वर कुमार ने खोले RCB की जीत के राज, बोले- ‘लंबे इंतजार के बाद… ऐसे मिली जीत’

नए कप्तान को लेकर कई नाम चर्चा में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. इसके अलावा संजू सैमसन और तिलक वर्मा के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर किस नाम पर अंतिम मुहर लगाते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read