Bharat Express DD Free Dish

अहमदाबाद में ‘अजेय’ टीमों की जंग; अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर सूर्या का करारा जवाब, क्या दक्षिण अफ्रीका से फाइनल का बदला ले पाएगा भारत?

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा. जहां एक ओर अभिषेक और तिलक की फॉर्म चिंता का विषय है, वहीं जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती भारत के सबसे बड़े हथियार हैं.

IND vs SA, T20 World Cup 2026, Sports News

IND vs SA T20 World Cup Super-8: अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम रविवार को एक ऐसे महामुकाबले का गवाह बनने जा रहा है, जिसकी धमक पूरे क्रिकेट जगत में सुनाई देगी. टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में दो ऐसी टीमें आमने-सामने हैं, जिन्होंने अब तक हार का स्वाद नहीं चखा है. एक तरफ सूर्यकुमार यादव की ‘यंग ब्रिगेड’ है, तो दूसरी तरफ एडेन मार्करम की ताकतवर दक्षिण अफ्रीकी टीम. रोमांच इस बात का भी है कि इन्हीं दोनों टीमों के बीच 2024 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला गया था, जिसे याद कर आज भी फैंस रोमांचित हो जाते हैं.

विजयी रथ पर कौन लगाएगा ब्रेक?

भारत और दक्षिण अफ्रीका, दोनों ने ही ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीते हैं. लेकिन रविवार को किसी एक का ‘अजेय’ रहने का गुरूर टूटना तय है. दक्षिण अफ्रीका का गेंदबाजी आक्रमण इस वक्त आग उगल रहा है. कैगिसो रबादा, लुंगी नगिदी और केशव महाराज जैसे गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेने के लिए तैयार हैं.

टीम इंडिया के लिए ‘अभिषेक’ और ‘तिलक’ की चिंता

भले ही भारत जीत रहा है, लेकिन टॉप ऑर्डर की बल्लेबाजी टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बनी हुई है. ईशान किशन को छोड़ दें, तो बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं. सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक शर्मा की है, जो पिछले तीन मैचों में खाता तक नहीं खोल पाए. फैंस डरे हुए हैं कि कहीं बड़े मैच में यह फॉर्म भारी न पड़ जाए.

वहीं, तिलक वर्मा का बल्ला भी उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रहा. तिलक ने अब तक धीमी पिचों पर रन बनाने के लिए काफी संघर्ष किया है और उनका स्ट्राइक रेट भी करियर औसत से नीचे गिर गया है. कप्तान सूर्या खुद भी अमेरिका के खिलाफ 84 रन बनाने के बाद से थोड़े फीके नजर आए हैं. जब गेंद रुककर आती है, तो भारतीय बल्लेबाजों की बेबसी साफ दिखने लगती है.

कप्तान सूर्या का अभिषेक पर ‘धाकड़’ जवाब

जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव से अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़े बिंदास अंदाज में उसका बचाव किया. सूर्या ने कहा, “मैं उन लोगों के लिए चिंतित हूं जो अभिषेक की फॉर्म को लेकर परेशान हैं. पिछले साल उसने हम सबको कवर किया था, अब हमारी बारी है उसे सपोर्ट करने की. मुझे तो उन टीमों की चिंता है जिनके खिलाफ अभिषेक खेलने वाला है, क्योंकि जिस दिन उसका बल्ला चला, उस दिन क्या होगा यह सब जानते हैं.” सूर्या ने साफ कर दिया कि वो नहीं चाहते कि अभिषेक अपनी आक्रामक पहचान खो दें.

ये भी पढ़ें- IND vs AUS: भारतीय बेटियों की शानदार परफोर्मेंस, पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जीती T20 सीरीज; 2-1 से दी मात

गेंदबाजी ही है भारत का ‘ब्रह्मास्त्र’

बल्लेबाजी में चाहे जो भी उतार-चढ़ाव हो, लेकिन भारत की असली ताकत उसकी गेंदबाजी है. जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के वो 8 ओवर किसी भी टीम की कमर तोड़ सकते हैं. हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के पास क्विंटन डिकॉक, डेविड मिलर और ‘बेबी एबी’ कहे जाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खतरनाक हिटर हैं, जो किसी भी गेंदबाज का दिन बिगाड़ सकते हैं.

मैच काली मिट्टी की पिच पर होना है, जहां स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद कम है. ऐसे में टीम इंडिया दुविधा में है कि एक्स्ट्रा स्पिनर खिलाएं या तेज गेंदबाज? चर्चा है कि वाशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है और अर्शदीप सिंह को भी अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read