SA vs WI: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup) के सुपर-8 चरण में ग्रुप 1 का एक बेहद अहम मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया.
टॉस के बाद मार्करम ने कहा कि पिच काफी अच्छी दिख रही है और उनकी टीम ने यहां पहले भी कुछ मुकाबले खेले हैं, जिसका फायदा उठाने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने बताया कि टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कगिसो रबाडा ने आईपीएल के दौरान इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेला है और उनके अनुभव से टीम को मदद मिल रही है.
वेस्टइंडीज के कप्तान ने क्या कहा?
वहीं वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (Shai Hope) ने कहा कि उनकी टीम को इस मैच में अच्छा स्कोर खड़ा करना होगा. उन्होंने माना कि अगर टॉस जीतते तो वे भी पहले गेंदबाजी करते, लेकिन अब पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. होप ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका शानदार क्रिकेट खेल रही है, ऐसे में उनकी टीम को इस अहम मुकाबले में लय और आत्मविश्वास बनाए रखना होगा.
उन्होंने टीम संयोजन पर भी बात करते हुए बताया कि एक बदलाव किया गया है. रोस्टन चेज (Roston Chase) को अकील होसेन (Akeal Hosein) की जगह शामिल किया गया है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि होसेन को खराब प्रदर्शन की वजह से बाहर नहीं किया गया, बल्कि यह एक रणनीतिक फैसला है.
सेमीफाइनल के लिए अहम मुकाबला
सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिहाज से यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले सुपर-8 मैच में भारत को 76 रन से हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर 107 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी. ऐसे में इस मैच में जीत किसी भी टीम के लिए अंतिम चार की राह आसान कर सकती है.
दक्षिण अफ्रीका प्लेइंग इलेवन
एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी.
वेस्टइंडीज प्लेइंग इलेवन
ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, शमार जोसेफ.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



