Urdu Conclave 2026

T20 World Cup 2026: श्रीलंका क्रिकेट में ‘भूकंप’! सेमीफाइनल से बाहर होते ही कप्तान और सिलेक्टर्स पर गिरेगी गाज

मेजबान श्रीलंका का टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर सुपर-8 में ही खत्म हो गया. लगातार हार के बाद अब बोर्ड कड़े फैसले लेने जा रहा है. दासुन शनाका की कप्तानी और चयनकर्ताओं के पद पर संकट के बीच सनथ जयसूर्या भी कोच का पद छोड़ सकते हैं.

T20 World Cup 2026, Sri Lanka, Cricket News

Sri Lanka Out of T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत के साथ मिलकर कर रहा श्रीलंका अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है. अपने ही घर में खेलते हुए इस तरह का बाहर होना श्रीलंकाई फैंस के लिए किसी सदमे से कम नहीं है. दिलचस्प बात यह है कि ग्रुप स्टेज में इस टीम ने गजब का खेल दिखाया था चार में से तीन मैच जीतकर उन्होंने शान से सुपर-8 में जगह बनाई थी. लेकिन जैसे ही मुकाबला कड़ा हुआ, टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. सुपर-8 के शुरुआती दोनों मैच हारते ही श्रीलंका का सेमीफाइनल का सपना पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

कप्तान और सिलेक्टर्स पर लटकी तलवार

टूर्नामेंट से इस शर्मनाक विदाई के बाद अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) कड़े फैसले लेने के मूड में है. खबरें आ रही हैं कि कप्तान दासुन शनाका की कप्तानी छीनी जा सकती है. सिलेक्टर्स भी अब बोर्ड के निशाने पर हैं. AFP की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में या तो इन लोगों को हटाया जाएगा या फिर सम्मानजनक तरीके से इस्तीफा देने को कह दिया जाएगा.

इतना ही नहीं, दिग्गज सनथ जयसूर्या ने भी पहले ही साफ कर दिया था कि वर्ल्ड कप खत्म होते ही वह हेड कोच का पद छोड़ देंगे. श्रीलंका क्रिकेट के एक सूत्र ने बताया कि टूर्नामेंट में अभी टीम का एक मैच बचा है, जिसके बाद पूरी परफॉरमेंस का पोस्टमार्टम किया जाएगा और जो भी गलतियां हुई हैं, उन पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें- चेन्नई में टीम इंडिया का ‘विस्फोट’! जिम्बाब्वे को पस्त करने के बाद अब वेस्टइंडीज से होगा ‘महामुकाबला’

शनाका का छलका दर्द

शुरुआत में श्रीलंका को इस वर्ल्ड कप का डार्क हॉर्स माना जा रहा था, लेकिन अचानक टीम की लय बिगड़ गई. हार से निराश कप्तान शनाका ने अपनी टीम का बचाव करते हुए कहा कि बाहर की नकारात्मक बातें खिलाड़ियों के मनोबल पर बुरा असर डालती हैं. उन्होंने सरकार और सिस्टम से अपील करते हुए भावुक होकर कहा, “हम क्रिकेटर चाहे जितने भी पॉजिटिव रहें, जब चारों तरफ से नेगेटिव बातें आती हैं, तो चीजें मुश्किल हो जाती हैं. हमारे पास सिर्फ यही एक खेल है और मुझे नहीं पता कि आगे हम इसे कैसे संभालेंगे.”

पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी जंग

सुपर-8 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के हाथों मिली करारी हार के बाद अब श्रीलंका का अगला और आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से होना है. हालांकि इस मैच के नतीजे से टूर्नामेंट पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन यह मैच कई खिलाड़ियों और अधिकारियों के करियर का आखिरी इंटरनेशनल असाइनमेंट साबित हो सकता है. जैसे ही यह मैच खत्म होगा, श्रीलंका क्रिकेट में एक बड़े बदलाव की आंधी आनी तय है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read