T20 WC Semifinal Tickets: टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है. आईसीसी (ICC) ने मंगलवार से सेमीफाइनल और फाइनल मैचों के टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है, लेकिन इसके साथ ही वेन्यू को लेकर एक ऐसी पहेली भी सामने आई है जो पूरी तरह से पाकिस्तान और श्रीलंका के प्रदर्शन पर टिकी है. अगर आप भी स्टेडियम जाकर मैच देखने का प्लान बना रहे हैं, तो जेब ढीली करने से पहले इन ‘टर्म्स एंड कंडीशंस’ को समझना आपके लिए बहुत जरूरी है.
पाकिस्तान और श्रीलंका तय करेंगे सेमीफाइनल का शहर
आमतौर पर वर्ल्ड कप के वेन्यू पहले से तय होते हैं, लेकिन इस बार आईसीसी ने ‘फ्लोटिंग वेन्यू’ का फॉर्मूला अपनाया है. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करती है, तो मैच का शहर बदल जाएगा.
शेड्यूल के मुताबिक, पहला सेमीफाइनल कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में होना है और फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में. लेकिन ट्विस्ट यह है कि अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो वह अपना मैच कोलकाता के बजाय कोलंबो (श्रीलंका) के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगा.
इतना ही नहीं, श्रीलंका की टीम भी इस गणित का हिस्सा है. अगर श्रीलंका क्वालीफाई करता है और उसका मुकाबला भारत के अलावा किसी और टीम से होता है, तो उनका नॉकआउट मैच भी कोलंबो में ही शिफ्ट कर दिया जाएगा. हालांकि, अगर सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की भिड़ंत होती है, तो यह मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता में ही खेला जाएगा.
रिफंड का वादा: दर्शकों की जेब रहेगी सुरक्षित
इस अदला-बदली के बीच फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह था कि अगर वेन्यू बदल गया तो उनके टिकट के पैसों का क्या होगा? आईसीसी ने साफ कर दिया है कि अगर किसी टीम के क्वालीफाई करने की वजह से मैच कोलकाता या अहमदाबाद से बाहर शिफ्ट होता है, तो प्रभावित दर्शकों को पूरा रिफंड दिया जाएगा. यानी दर्शकों को पैसे डूबने की चिंता करने की जरूरत नहीं है.
ये भी पढे़ं- T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए रिंकू सिंह, पिता की गंभीर हालत के कारण जिम्बाब्वे मैच में खेलना मुश्किल
पाकिस्तान की राह में ‘अगर-मगर’ का पहाड़
हालांकि, कोलंबो में मैच शिफ्ट होने की संभावना फिलहाल थोड़ी धुंधली नजर आ रही है. सुपर-8 में पाकिस्तान का सफर अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे उन्हें सिर्फ एक अंक मिला. इसके बाद इंग्लैंड के हाथों मिली करारी हार ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया है.
अब पाकिस्तान को अपना आखिरी सुपर-8 मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलना है. सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए उन्हें न सिर्फ यह मैच बड़े अंतर से जीतना होगा, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों और नेट रन रेट के भरोसे भी बैठना होगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


