Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Under 19 World Cup 2026: अभिज्ञान की शानदार पारी, हेनिल का पंजा! भारत ने अमेरिका को 6 विकेट से हराया

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारत ने बारिश से प्रभावित मैच में यूएसए को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 6 विकेट से हराया.

भारत ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में गुरुवार को खेले गए आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच को अपने नाम किया. टीम इंडिया ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में यूएसए के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 6 विकेट से जीत दर्ज की.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएसए की टीम 35.2 ओवरों में 107 रन पर सिमट गई. इस टीम ने महज 1 रन पर अमरिंदर गिल (1) का विकेट खो दिया था. यहां से साहिल गर्ग ने उत्कर्ष श्रीवास्तव के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला.

नितीश सुदिनी की जुझारू पारी

साहिल 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद अर्जुन महेश भी इतने ही रन जुटाकर पवेलियन लौटे. यह टीम 39 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से नितीश सुदिनी ने अदनित झांब के साथ छठे के लिए 30 रन जोड़कर यूएसए को 69 रन तक पहुंचा दिया, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई. यूएसए की तरफ से नितीश सुदिनी ने 52 गेंदों में 4 चौकों के साथ 36 रन बनाए, जबकि अदनित ने 18 रन टीम के खाते में जोड़े.

भारत की तरफ से हेनिल पटेल ने 7 ओवरों में 16 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि आर. अंबरीश, खिलन पटेल, वैभव सूर्यवंशी और दीपेश देवेंद्रन ने 1-1 विकेट निकाला.

इसके जवाब में, भारत को 12 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी के रूप में बड़ा झटका लगा. सूर्यवंशी महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे. भारतीय टीम 4 ओवरों में 1 विकेट खोकर 21 रन बना चुकी थी. इसी बीच बारिश ने खेल रोक दिया.

बारिश के बाद बदला खेल

जब मुकाबला फिर से शुरू हुआ, तो टीम इंडिया को जीत के लिए 37 ओवरों में 96 रन का लक्ष्य मिला. मुकाबला फिर से शुरू हुआ और भारत ने पांचवें ओवर की छठी गेंद पर वेदांत त्रिवेदी (2) का विकेट गंवा दिया. दो गेंदों के बाद कप्तान आयुष म्हात्रे भी अपना विकेट दे बैठे. म्हात्रे 19 गेंदों में 4 चौकों के साथ 19 रन बनाकर आउट हुए.

भारतीय टीम 5.2 ओवरों में 25 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से अभिज्ञान कुंडू ने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 45 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया. विहान ने टीम के खाते में 18 रन जोड़े.

यहां से अभिज्ञान कुंडू ने कनिष्क चौहान के साथ टीम को 17.2 ओवरों में जीत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों के बीच पांचवें विकेट के लिए 29 रन की अटूट साझेदारी हुई. अभिज्ञान 41 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 42 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कनिष्क ने 10 रन की पारी खेली. विपक्षी खेमे से ऋत्विक अप्पिडी ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि ऋषभ सिंपी और उत्कर्ष श्रीवास्तव ने 1-1 विकेट निकाला.

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश क्रिकेट में ‘गृहयुद्ध’: तमीम को कहा ‘भारतीय एजेंट’, भड़के खिलाड़ियों ने दी टूर्नामेंट बहिष्कार की धमकी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital