Womens Asia Cup 2026
India vs Sri Lanka: विमेंस एशिया कप 2026 के महामुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका से हो रहा है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का बड़ा फैसला लिया है.
टॉस जीतने के बाद कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि बड़े मुकाबले में स्कोरबोर्ड पर बड़ा लक्ष्य लगाना हमेशा फायदेमंद होता है. उन्होंने माना कि फाइनल का दबाव जरूर होता है, लेकिन टीम अपनी स्वाभाविक और आक्रामक शैली में ही खेलेगी.
प्रतिका बाहर, कमलिनी को मिला मौका
भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस खिताबी मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है. पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझ रही प्रतिका को आराम दिया गया है और उनकी जगह युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज गुनालन कमलिनी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है.
दूसरी ओर, श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने कहा कि वे भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी ही करना चाहती थीं. श्रीलंका की टीम में संजना कविंदी की जगह अनुभवी विशमी गुणरत्ने को मौका दिया गया है.
टीम इंडिया का अजेय सफर
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (4 मैचों में 168 रन) और स्मृति मंधाना (1 शतक, 154 रन) बेहतरीन फॉर्म में हैं. गेंदबाजी की बात करें तो दीप्ति शर्मा 11 विकेटों के साथ सबसे सफल गेंदबाज रही हैं, जबकि श्री चरणी ने 8 विकेट चटकाए हैं.
श्रीलंका भी कमतर नहीं है. पिछले एशिया कप के फाइनल में भारत को हराकर चैंपियन बनी श्रीलंकाई टीम को एक बार फिर अपनी कप्तान चमारी अटापट्टू, हर्षिता समरविक्रमा और गेंदबाज चामुदी प्रबोधा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा.
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, विशमी गुणरत्ने, हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या.
यह भी पढ़ें: भारत-अफगानिस्तान T20 में टूटी सालों पुरानी परंपरा, जन गण मन से पहले गूंजा वंदे मातरम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

