Bharat Express DD Free Dish

युवाओं के लिए खुलेंगे नौकरियों के दरवाजे; पीएम मोदी-अमेजन सीईओ की मीटिंग के बाद बड़ा ऐलान

अमेजन के CEO एंडी जेसी ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद भारत में अगले 5 वर्षों में 48 अरब डॉलर के महा-निवेश की घोषणा की है. इसमें से 21 अरब डॉलर का इस्तेमाल AI और क्लाउड क्षेत्र में होगा.

PM Modi Welcomes Amazon Historic 48 Billion Dollar Investment In India

Amazon Investment India: भारत के डिजिटल और टेक बाजार के लिए एक बहुत बड़ी और खुशखबरी वाली खबर सामने आई है. ई-कॉमर्स और टेक जगत की दिग्गज कंपनी Amazon भारत में अगले 5 सालों के भीतर रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर यानी की करीब 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम निवेश करने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेजन के इस ऐतिहासिक फैसले का दिल खोलकर स्वागत किया. पीएम मोदी ने कहा कि इस मेगा-निवेश से न सिर्फ देश के युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि यह यह भी दिखाता है कि पूरी दुनिया का भरोसा भारत पर लगातार बढ़ रहा है.

पीएम मोदी और अमेजन CEO एंडी जेसी की खास बैठक

यह घोषणा अमेजन के सीईओ और प्रेसिडेंट एंडी जेसी की प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई एक बेहद सफल बैठक के बाद सामने आई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एंडी जेसी के पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘एंडी जेसी के साथ बैठक शानदार रही. मैं भारत में अमेजन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं. इससे हमारे युवाओं को आगे बढ़ने के नए मौके मिलेंगे.’

वहीं, एंडी जेसी ने भी भारत के साथ अपने जुड़ाव को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वे पिछले एक दशक से भारत में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनके लिए तो यह सिर्फ एक खूबसूरत शुरुआत है.

38 लाख नौकरियां देने का लक्ष्य

अमेजन के इस 48 अरब डॉलर के कुल प्लान में से 21 अरब डॉलर यानी करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये का इस्तेमाल 2026 से 2030 के बीच केवल AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए किया जाएगा. इसे भारत के टेक इतिहास का सबसे बड़ा ग्लोबल निवेश माना जा रहा है.

बता दें कि कंपनी का लक्ष्य है कि साल 2030 तक देश में करीब 38 लाख नौकरियां पैदा करने का है. इसके साथ ही कंपनी का उद्देश्य 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट को बढ़ावा और 1.5 करोड़ छोटे दुकानदारों व कारोबारियों को डिजिटल ताकत से जोड़े जानें का भी है.

ये भी पढ़ें: सोना-चांदी के दामों में भारी उतार-चढ़ाव, कुछ ही मिनटों में बदला पूरा रुख; जानें आपके शहर के ताजा दाम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read