Annapurti Grain ATM Chhattisgarh: रायपुर/प्रियंका कौशल: अगर आप सरकारी राशन का लाभ उठाते हैं और हर महीने अनाज लेने के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़े होकर थक चुके हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता और सहूलियत लाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य का पहला स्वचालित ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ लॉन्च कर दिया है.
मतलब अब आपको राशन की दुकान खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि बैंक एटीएम की तर्ज पर यह मशीन पैसों की जगह सीधे आपके झोले में 24 घंटे राशन डालेगी. आइये जानें क्या है ये स्कीम और यह मशीन कैसे काम करेगी?
किन शहरों में लगी है मशीन और क्या हैं खूबियां? (Chhattisgarh Smart Annapurti Grain ATM)
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा शुरू की गई इस पायलट परियोजना के तहत फिलहाल रायपुर (बीरगांव), बिलासपुर (सरकंडा) और दुर्ग में यह मशीनें लगाई गई हैं. संयुक्त राष्ट्र ‘विश्व खाद्य कार्यक्रम’ (WFP) के तकनीकी सहयोग से तैयार इस मशीन की क्षमता 2,500 किलोग्राम है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि मशीन के पास जाने के महज 25 से 30 सेकंड के भीतर ही 25 किलो तक अनाज डिस्पेंस हो जाता है.
अगर राशन बांटने के दौरान बिजली कट भी जाती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. इस मशीन में एक पावरफुल UPS सिस्टम (पावर बैकअप) लगाया गया है, जो लाइट जाने के बाद भी लगातार 15 से 20 लोगों को राशन उपलब्ध करा सकता है.
कैसे काम करेगी अन्नपूर्ति ग्रेन ATM मशीन? (Annapurti Grain ATM Work)
- 1.विवरण दर्ज करें: मशीन की डिजिटल स्क्रीन पर सबसे पहले अपना आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करें.
- 2.बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण: निर्धारित स्थान पर अपना फिंगरप्रिंट लगाकर अपनी पहचान का सत्यापन पूरा करें.
- 3.मात्रा की पुष्टि और : पहचान सुनिश्चित होते ही स्क्रीन पर आपके कार्ड के अनुसार उपलब्ध कुल राशन की मात्रा दिखाई देगी. इसकी पुष्टि करें.
- 4. खाली बैग रखें: मशीन के मुख्य डिस्पेंसर के नीचे अपना खाली बैग या बोरी रखें.
- 5.राशन प्राप्त करें: स्क्रीन पर ‘डिस्पेंस’ बटन दबाते ही मशीन से निर्धारित मात्रा का अनाज निकलकर सीधे आपके बैग में भर जाएगा.
किस्तों में राशन की सुविधा (One Ration Card Grain ATM Chhattisgarh)
इस मशीन में उपभोक्ताओं की सहूलियत का पूरा ख्याल रखा गया है. अगर किसी बड़े परिवार का कोटा 35 किलो है, तो यह जरूरी नहीं कि वह पूरा राशन एक साथ निकाले. आप अपनी जरूरत के हिसाब से पहली बार में 20 किलो और बाकी 15 किलो महीने के किसी भी अन्य दिन निकाल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: 5,585 से 3 तक कैसे पहुंची राम मंदिर CEO की रेस? ट्रस्ट को सौंपी गई फाइनल लिस्ट
इसके अलावा, ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ के तहत छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के प्रवासी मजदूर भी इस ATM से अपना अनाज ले सकेंगे. इसी के साथ छत्तीसगढ़ देश का 5वां राज्य (उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा के बाद) बन गया है, जहां यह सुविधा लागू हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


