Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन का बड़ा प्लान, रेल मंत्री ने किया नए कॉरिडोर का ऐलान

भारत में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. रेल मंत्री ने दिल्ली से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का ऐलान किया है, जो कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगा और यात्रा समय को कई घंटों तक कम कर देगा.

Bullet train, Railway Minister

Delhi to Siliguri Bullet Train Project: भारत में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को लेकर एक और बड़ा कदम सामने आया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश में एक नया बुलेट ट्रेन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जो दिल्ली से लेकर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक जाएगा. यह प्रोजेक्ट दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे चार बड़े राज्यों को तेज रफ्तार रेल नेटवर्क से जोड़ देगा.

किन शहरों से गुजरेगा यह हाई-स्पीड रूट?

यह बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दो हिस्सों में विकसित किया जाएगा. पहला हिस्सा दिल्ली से वाराणसी तक होगा, जबकि दूसरा वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक पहुंचेगा. इस रूट पर देश के कई प्रमुख शहर जुड़ेंगे, जिनमें नोएडा (जेवर एयरपोर्ट), मथुरा, आगरा, इटावा, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर और पटना शामिल हैं. इसके बाद ट्रेन पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से से होते हुए सिलीगुड़ी तक पहुंचेगी.

यात्रा का समय होगा बेहद कम

फिलहाल दिल्ली से सिलीगुड़ी की दूरी तय करने में लगभग 18 से 20 घंटे का समय लगता है. लेकिन इस बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद यही सफर घटकर सिर्फ 6 से 7 घंटे का रह जाएगा. यानी करीब 1500 किलोमीटर की दूरी कुछ ही घंटों में पूरी हो सकेगी. इस हाई-स्पीड ट्रेन को लगभग 250 से 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की योजना है. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि देश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी भी बेहद मजबूत हो जाएगी.

ये भी पढ़ें- गिरती फर्टिलिटी रेट के चलते पूरी दुनिया में मंडरा रहा संकट: क्या आप भी नहीं पैदा कर रहे हैं बच्चे?

रेलवे के बड़े निवेश की तैयारी

कोलकाता दौरे के दौरान रेल मंत्री ने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम तेज किया जा रहा है. सरकार का फोकस देश में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को लगातार विस्तार देने पर है.
सरकार की योजना के अनुसार यह बुलेट ट्रेन कॉरिडोर आगे चलकर असम के गुवाहाटी तक भी बढ़ाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह भारत के सबसे बड़े हाई-स्पीड रेल नेटवर्क में से एक होगा. कुल मिलाकर यह प्रोजेक्ट सिर्फ यात्रा को तेज नहीं बनाएगा, बल्कि देश के बड़े हिस्सों को एक नई रफ्तार और नई आर्थिक संभावनाओं से भी जोड़ सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read