सोने-चांदी के ताजा दाम
Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी उठा-पटक के बीच आज सोने और चांदी की कीमतों में फिर से उछाल देखने को मिल रहा है. हफ्ते की शुरुआत में जब दाम नीचे लुढ़के थे, तो निवेशकों की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि क्या बाजार फिर से रफ्तार पकड़ेगा. मंगलवार को जहां सोना डेढ़ लाख रुपये के नीचे आ गया था और चांदी भी करीब 2.24 लाख रुपये के आसपास थी, वहीं आज घरेलू और इंटरनेशनल दोनों बाजारों में कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है.
इंटरनेशनल मार्केट (Comex) में चढ़ापढ़ाव
ग्लोबल मार्केट यानी कॉमेक्स पर आज सोने और चांदी दोनों के तेवर मजबूत नजर आए. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इंटरनेशनल मार्केट में सोना करीब 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 4211.30 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करता दिखा. वहीं, चांदी की चमक भी फीकी नहीं पड़ी और यह 0.49 फीसदी की तेजी के साथ 61.450 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती नजर आई.
घरेलू बुलियन बाजार और एमसीएक्स का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख का असर भारतीय बाजारों पर भी साफ देखने को मिल रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना लगभग 1,000 रुपये की तेजी के साथ 1,49,746 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा है. वहीं, चांदी में भी करीब 800 रुपये की बढ़त आई है, जिससे यह 2,26,245 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है. घरेलू हाजिर बाजार में भी सोना 1.49 लाख रुपये और चांदी 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब कारोबार करती दिख रही है.
ये भी पढ़ें- बुढ़ापे की पैसों की चिंता खत्म! छोटे व्यापारियों के लिए सरकार की शानदार पेंशन योजना, हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये
अलग-अलग कैरेट के सोने का हाल
बाजार में आई इस तेजी के बाद विभिन्न कैरेट के सोने के दाम भी ऊपर आ गए हैं. आज 24 कैरेट सोना लगभग 1,49,810 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना करीब 1,37,326 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है. इसके अलावा, 1,12,358 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास 18 कैरेट गोल्ड के भाव ट्रेंड कर रहे हैं. जानकारों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और शादियों के सीजन को देखते हुए आने वाले दिनों में कीमतों में यह फेरबदल और भी देखने को मिल सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



