Import duty increases: केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और प्लेटिनम जैसी कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है. वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को इसके लिए नोटिफिकेशन जारी किए और नई दरें 13 मई से लागू कर दी गईं. अब विदेशों से सोना-चांदी मंगाना पहले से ज्यादा महंगा हो गया है. गोल्ड पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) 5% से बढ़ाकर 10% कर दी गई है, साथ ही सेस (AIDC) भी बढ़ा दिया गया है.
आभूषण और स्क्रैप पर भी असर
नई दरें सिर्फ सोने की ईंट या बिस्कुट पर ही नहीं, बल्कि आभूषण बनाने में इस्तेमाल होने वाले छोटे पार्ट्स जैसे हुक, पिन और स्क्रू पर भी लागू होंगी. इतना ही नहीं, पुरानी धातुओं से सोना-चांदी निकालने के लिए आने वाले स्क्रैप पर भी अब 10% टैक्स देना होगा.
पहले कितनी थी ड्यूटी
अब तक गोल्ड पर 5% इंपोर्ट ड्यूटी और 1% सेस लगता था, यानी कुल 6% टैक्स देना पड़ता था. जुलाई 2024 के बजट में सरकार ने गोल्ड पर कुल ड्यूटी 15% से घटाकर 6% कर दी थी. इसी वजह से पिछले साल सोने का आयात तेजी से बढ़ गया था. अब सरकार ने इसे फिर से बढ़ाकर 10% कर दिया है. UAE से तय कोटा के तहत आने वाले गोल्ड पर भी रियायती दरें बढ़ा दी गई हैं.
आम आदमी और इंडस्ट्री पर असर
सर्राफा व्यापारियों और ज्वेलर्स के लिए सोना-चांदी मंगाना महंगा हो जाएगा. इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा और सोने-चांदी की कीमतें बढ़ सकती हैं. इंडस्ट्री में भी लागत बढ़ेगी क्योंकि कई कंपनियां इन धातुओं का इस्तेमाल इंडस्ट्रियल काम और रिसाइकिलिंग के लिए करती हैं.
भारत में सोने की खपत
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता और चांदी का सबसे बड़ा उपभोक्ता है. FY2025 में भारत ने लगभग 58 से 60 अरब डॉलर का सोना आयात किया था, जो अब तक के सबसे ऊंचे स्तरों में से एक है. 2024 में ड्यूटी घटने के बाद आयात में तेजी आई थी. अब बढ़ी हुई ड्यूटी से आयात पर लगाम लगने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें-गाजियाबाद एनकाउंटर: कैश वैन लूटकांड के दो बदमाश ढेर, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पीएम मोदी की अपील
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की थी कि एक साल तक सोने की खरीदारी से बचें. उन्होंने कहा था कि मिडिल ईस्ट में तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें और विदेश यात्राएं घटाएं. सरकार को आशंका है कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ती चिंताओं से तेल महंगा हो सकता है, जिसका असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



