Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

दिवाली-धनतेरस से पहले सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, औंधे मुंह गिरे दाम; चांदी 16 हजार से ज्यादा सस्ती

त्योहारों के मौसम में सर्राफा बाजार से ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज और घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है, जिससे चांदी 16 हजार रुपये से अधिक सस्ती हो गई है.

Gold Silver Price Today

त्योहारी सीजन से पहले सोना-चांदी हुए धड़ाम

Gold Silver Price Today: त्योहारों का मौसम शुरू होने से ठीक पहले सर्राफा बाजार से ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है. अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन में सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए बेहद शानदार साबित हो सकता है. पिछले कुछ दिनों में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX से लेकर देश के सर्राफा बाजारों तक में कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है. खासकर चांदी के दाम में तो ऐसा भारी गोता लगा है कि हर कोई हैरान है.

चांदी में आई रिकॉर्ड गिरावट, दो लाख से नीचे आया भाव

बीते हफ्ते महज चार दिन के कारोबार में ही चांदी की कीमतों में भारी भूचाल देखने को मिला और इसका बुलबुला पूरी तरह फूट गया. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 16 अक्टूबर को घरेलू बाजार में जो चांदी 2,10,918 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, वह इस शुक्रवार को लुढ़ककर सीधे 1,94,415 रुपये पर आ गई. यानी महज कुछ ही दिनों के भीतर चांदी करीब 16,503 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है.

वायदा बाजार यानी एमसीएक्स (MCX) का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा. चार दिसंबर की एक्सपायरी वाली एक किलो चांदी, जो 16 अक्टूबर को 2,11,187 रुपये पर ट्रेड कर रही थी, वह इस शुक्रवार को गिरकर 1,96,100 रुपये पर आ गई.

अगर इसके ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बात करें, तो इसी साल जनवरी के आखिरी हफ्ते में चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का अपना ऑल-टाइम हाई छुआ था. इसके मुकाबले अब चांदी अपने सबसे ऊपरी स्तर से आधी से भी कम कीमत यानी करीब 2,23,948 रुपये तक सस्ती मिल रही है.

सोने की चमक भी पड़ी फीकी, धड़ाम हुए दाम

सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि पीली धातु यानी सोने के खरीदारों के लिए भी बाजार से अच्छी खबर है. इस हफ्ते सोने के भाव में भी भारी गिरावट देखने को मिली है. एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला 10 ग्राम सोना 1,47,918 रुपये से सीधा 5,768 रुपये सस्ता होकर 1,42,150 रुपये पर आ गया है. वहीं, घरेलू सर्राफा बाजार में भी IBJA के अनुसार सोने की कीमत में 4,796 रुपये प्रति 10 ग्राम की बड़ी कमी दर्ज की गई है, जिसके बाद इसका भाव घटकर 1,41,630 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: छुट्टियों के कैश का बदलने वाला है नियम? रिटायरमेंट फंड में सीधे हो सकता है बड़ा इजाफा

शुद्धता के हिसाब से सोने के ताजा दाम

बाजार में अलग-अलग कैरेट के हिसाब से सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:

24 कैरेट सोना: 1,41,630 रुपये प्रति 10 ग्राम

22 कैरेट सोना: 1,38,230 रुपये प्रति 10 ग्राम

20 कैरेट सोना: 1,26,050 रुपये प्रति 10 ग्राम

अगर आप इन दिनों ज्वैलरी या निवेश के लिए खरीदारी करने की सोच रहे हैं, तो एक बात का खास ध्यान रखें. जब आप लोकल सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने जाएंगे, तो आपको तय जीएसटी के साथ-साथ मेकिंग चार्ज भी अलग से देना होगा, जो शहर और दुकान के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital