Gold Silver Price Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार की ताजा हलचल आपको हैरान कर सकती है. सरकार द्वारा सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद सर्राफा बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. बुधवार को जहां कीमतों में आग लगी थी, वहीं गुरुवार के शुरुआती कारोबार में कुछ राहत के संकेत मिले, लेकिन बाजार की चाल अब भी काफी अस्थिर बनी हुई है.
MCX पर भारी गिरावट के बाद रिकवरी
आज सुबह जब कारोबार शुरू होते ही निवेशकों के चेहरे थोड़े खिल उठे थे. चांदी की कीमतों में करीब 5,800 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी जो पिछले सत्र में 3,00,238 रुपये पर बंद हुई थी, वह लुढ़ककर 2,94,450 रुपये के स्तर तक जा पहुंची. हालांकि, बाजार संभला और सुबह 10 बजे तक यह 2,98,000 रुपये के आसपास ट्रेड करने लगी.
सोने की बात करें तो 5 जून की डिलीवरी वाले गोल्ड में शुरुआत में 1,159 रुपये की नरमी देखी गई, लेकिन यह गिरावट ज्यादा देर टिकी नहीं. देखते ही देखते सोना फिर से महंगा होने लगा और खबर लिखे जाने तक करीब 1,62,666 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया.
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
दरअसल केंद्र सरकार ने सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर सीधे 15% कर दिया है. यह फैसला बुधवार से ही लागू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में पश्चिम एशिया संकट और बढ़ते विदेशी मुद्रा खर्च को देखते हुए देशवासियों से विवेकपूर्ण कदम उठाने की अपील की थी. सरकार चाहती है कि विदेशी मुद्रा बचाई जाए, जिसके लिए सोने की खरीद और विदेश यात्राओं पर नियंत्रण जरूरी है. इसी रणनीति के तहत टैक्स में यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है.
ये भी पढ़ें- क्या आपकी रसोई का ‘तेल’ बिगाड़ रहा है देश का बजट? जानिए भारत हर महीने कितना खाने का तेल करता है आयात
बाजार में क्या है आज का लेटेस्ट रेट?
‘गुड रिटर्न्स’ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट वाले शुद्ध सोने की कीमत फिलहाल 1,62,330 रुपये के आसपास है. वहीं, आम तौर पर गहनों के लिए इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है. चांदी के बाजार की बात करें तो यह 3,00,000 रुपये प्रति किलो के आसपास बनी हुई है.
कमजोर रुपया भी बढ़ा रहा है मुश्किलें
केवल टैक्स ही नहीं, बल्कि डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती सेहत ने भी सोने-चांदी को महंगा कर दिया है. रुपया रिकॉर्ड गिरावट के साथ 95.80 के स्तर तक पहुंच चुका है. जानकारों का कहना है कि जब रुपया कमजोर होता है, तो कीमती धातुओं का आयात महंगा हो जाता है, जिसका सीधा बोझ ग्राहकों की जेब पर पड़ता है. व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में जब नया स्टॉक बाजार में आएगा, तो इन कीमतों का असली असर और साफ तौर पर दिखाई देगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

