रेलवे दे रहा किस्तों में टूर पैकेज का पैसा भरने की सुविधा
Indian Railway: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) यात्रियों के लिए समय-समय पर विशेष टूर पैकेज पेश करता है, जिससे वे देश-विदेश के महत्वपूर्ण स्थलों की यात्रा कर सकें. अब इस बीच आईआरसीटीसी एक खास टूर पैकेज लेकर आया है, जिसके तहत श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकते हैं. इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि यात्री इसके खर्च का भुगतान आसान किस्तों (EMI) में भी कर सकते हैं.
11 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए चलाई जाती है. इसी के तहत अब 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा टूर पैकेज शुरू किया जा रहा है, जो 11 अप्रैल 2025 से शुरू होकर 22 अप्रैल 2025 तक चलेगा. यह यात्रा कुल 11 रात और 12 दिन की होगी, जिसमें श्रद्धालु कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कर सकेंगे.
इन ज्योतिर्लिंगों के होंगे दर्शन
इस टूर पैकेज के तहत श्रद्धालु ज्योतिर्लिंगों और धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे जैसे मध्य प्रदेश स्थित उज्जैन का महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात स्थित सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, भेट द्वारका और सिग्नेचर ब्रिज, नासिक का त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी और कालाराम मंदिर, पुणे का भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, औरंगाबाद का घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और स्थानीय मंदिर आदि. इस यात्रा के लिए ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, झांसी और ललितपुर से उपलब्ध होगी.
टूर पैकेज की कीमत और सुविधाएं
आईआरसीटीसी इस यात्रा के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियों के पैकेज लेकर आया है, जो यात्रियों की बजट और सुविधा के अनुसार तय किए गए हैं. कंम्फर्ट श्रेणी के पैकेज में डीलक्स होटलों के AC Rooms समेत अन्य सुविधाओं के साथ एक व्यक्ति के लिए पैकेज 52200 रुपये का है. वहीं स्टैंडर्ड कैटेगरी के पैकेज में बजट होटलों के एसी रूम्स समेत अन्य सर्विसेज शामिल रहेंगे, जिसकी कीमत एक व्यक्ति के लिए 39550 रुपये है. वहीं तीसरे स्लीपर कैटेगरी के पैकेज में नान एसी रूम्स के साथ एक व्यक्ति को 23200 रुपये देने होंगे.
EMI की सुविधा भी उपलब्ध
आईआरसीटीसी ने इस यात्रा को सभी यात्रियों के लिए किफायती बनाने के लिए EMI का विकल्प भी उपलब्ध कराया है. यात्री इस यात्रा की लागत को 816 रुपये प्रति माह की आसान किस्तों में चुका सकते हैं. इस योजना का उद्देश्य यह है कि निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोग भी इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें. साथ ही, इसमें LTC (लीव ट्रैवल कंसेशन) की सुविधा भी दी जा रही है.
कैसे करें बुकिंग?
- अगर आप इस खास यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बुकिंग की जा रही है. जिसमें आप ऑफलाइन बुकिंग कर सकते हैं.
- इसके अलावा आईआरसीटीसी कार्यालय, पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय पर जा सकते हैं या फिर आईआरसीटीसी की बेवसाइट पर बुकिंग कर सकते हैं.
- इच्छुक यात्री मोबाइल नंबरों 8287930199, 9236391908, 9236391910, 9417105544, 7302821864 पर संपर्क कर सकते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



