Bharat Express DD Free Dish

1 सितंबर को गैस सिलेंडर के दाम में होगा बदलाव? 12 साल के आंकड़े दे रहे हैं ये संकेत

LPG Price September 2026: हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं, जिस पर घरों और कारोबारियों की नजर रहती है. 2014 से 2025 तक सितंबर में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 6 बार घटे, 5 बार बढ़े और एक बार स्थिर रहे.

LPG Connection Update

LPG Connection Update-bharat express

LPG Price September 2026: हर महीने की पहली तारीख आते ही करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं के साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कारोबार से जुड़े लोगों की नजर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर टिक जाती है. 1 सितंबर 2026 को भी तेल कंपनियों की ओर से गैस सिलेंडर के नए रेट जारी किए जाने की उम्मीद है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस बार एलपीजी सस्ता होगा या महंगा? सितंबर में गैस सिलेंडर की कीमतों का इतिहास देखें तो तस्वीर काफी उतार-चढ़ाव वाली रही है. इंडियन ऑयल (IOCL) के 2014 से 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर का महीना कई बार उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आया, तो कई मौकों पर कीमतों में तेज बढ़ोतरी भी हुई.

19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर पर कैसा रहा सितंबर?

होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कमर्शियल इंडेन सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में पिछले 12 वर्षों के दौरान सितंबर में 6 बार कीमतों में कटौती हुई. वहीं 5 बार दाम बढ़ाए गए और एक बार कीमतें स्थिर रहीं. यानी आंकड़ों के मुताबिक सितंबर में कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने की संभावना बढ़ने से थोड़ी ज्यादा रही है. हालांकि हर साल परिस्थितियां अलग रही हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ कच्चे तेल की कीमतों का भी असर पड़ता है.

2023 में मिली थी सबसे बड़ी राहत

साल 2023 का सितंबर महीना कारोबारियों के लिए काफी राहत भरा रहा था. 1 अगस्त को दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1680 रुपये थी. 1 सितंबर को इसमें सीधे 157.50 रुपये की कटौती की गई और कीमत घटकर 1522.50 रुपये हो गई. कोलकाता में इसी दौरान कीमत में 166.50 रुपये की रिकॉर्ड कटौती देखने को मिली थी. इसके अलावा 2014, 2015, 2022 और 2025 में भी सितंबर के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता हुआ था.

2017 में बढ़े थे 115 रुपये

सितंबर का हर साल राहत देने वाला इतिहास नहीं रहा है. साल 2017 में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में एक झटके में 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर 966 रुपये से बढ़कर 1081 रुपये हो गया था. इसके अलावा 2018, 2019, 2021 और 2024 में भी सितंबर महीने में कमर्शियल एलपीजी की कीमतें बढ़ाई गई थीं. इससे कारोबारियों की लागत पर सीधा असर पड़ा था.

यह भी पढ़ें: खाने-पीने का बिजनेस शुरू करने का सुनहरा मौका, सरकार दे रही है 35% तक की बंपर सब्सिडी; जानें प्रक्रिया

घरेलू सिलेंडर के दामों में भी दिखा उतार-चढ़ाव

घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी सितंबर के दौरान कई बदलाव देखने को मिले. 2014 में सितंबर में घरेलू सिलेंडर करीब 19 रुपये और 2015 में लगभग 25.50 रुपये सस्ता हुआ था. वहीं 2017 में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में सीधे 73.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. 2018 और 2019 में भी कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई.

1 सितंबर को क्या होगा?

सितंबर में एलपीजी कीमतों का इतिहास बताता है कि इस महीने में बदलाव का कोई एक निश्चित पैटर्न नहीं रहा है. घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दाम तय करने में अंतरराष्ट्रीय एलपीजी बाजार, कच्चे तेल की कीमत, विदेशी मुद्रा दर और अन्य बाजार परिस्थितियां अहम भूमिका निभाती हैं.

अब सबकी नजर 1 सितंबर 2026 को होने वाले रेट अपडेट पर है. अगर कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटती है तो होटल और छोटे कारोबारियों को राहत मिल सकती है, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम में बदलाव सीधे आम परिवारों के मासिक बजट को प्रभावित करेगा.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read