Urdu Conclave 2026

अमेरिका-ईरान जंग के बीच भारत सरकार का बड़ा कदम; डीजल और हवाई ईंधन के एक्सपोर्ट पर लगाया भारी टैक्स

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आग लग गई है. इसे देखते हुए मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए डीजल और हवाई ईंधन के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में भारी बढ़ोतरी कर दी है.

US Iran War, Windfall Tax Hike

Windfall Tax Hike: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर बारूद की गंध है. अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है और इस टकराव का सीधा असर ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों पर दिख रहा है. क्रूड ऑयल के दाम तेजी से भाग रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में मचे इस घमासान के बीच भारत सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है. मोदी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए डीजल और हवाई ईंधन के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में तगड़ा इजाफा कर दिया है. सरकारी आदेश के मुताबिक कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई भारी उछाल को देखते हुए टैक्स बढ़ाने का यह फैसला लेना पड़ा है.

कितना महंगा हुआ टैक्स और कहां राहत?

एक रिपोर्ट बताती है कि सरकार ने डीजल के निर्यात पर लगने वाले टैक्स को लगभग दोगुना कर दिया है. इसे सीधे 8.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 15.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. वहीं हवाई जहाजों के ईंधन पर यह टैक्स 7.5 रुपये से बढ़कर अब 14.5 रुपये प्रति लीटर हो गया है. ये नई दरें गुरुवार 16 जुलाई से ही जमीन पर लागू हो चुकी हैं. हालांकि कार और बाइक चलाने वालों के लिए एक राहत की खबर है पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में 4 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है.

क्या आपके शहर में महंगे होंगे पेट्रोल-डीजल?

जब भी तेल पर टैक्स बढ़ने की बात सामने आती है तो आम आदमी का माथा ठनकना लाजिमी है. हर कोई यही सोचता है कि क्या अब रोजमर्रा का सफर महंगा हो जाएगा? तो आपको बता दें कि चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आपकी जेब पर इसका एक पैसे का भी असर नहीं होने वाला.

दरअसल सरकार जो विंडफॉल टैक्स बढ़ा रही है वह आम उपभोक्ताओं पर नहीं बल्कि तेल का निर्यात करने वाली कंपनियों पर लगता है. होता यह है कि जब ग्लोबल मार्केट में तेल के दाम आसमान छूते हैं तो देसी कंपनियां घरेलू बाजार में तेल बेचने के बजाय बाहर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की होड़ में लग जाती हैं. सरकार इसी मुनाफे पर लगाम लगाने और देश के भीतर ईंधन की कोई किल्लत न हो इसके लिए यह अतिरिक्त टैक्स वसूलती है. इसलिए देश के पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले तेल की कीमतों से इसका कोई लेना-देना नहीं है.

ये भी पढ़ें- ट्रेन टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट! AI फीचर्स के साथ लॉन्च हुआ नया पोर्टल

आज आपके महानगर में क्या हैं तेल के दाम?

गुरुवार को देश के चारों बड़े शहरों में पेट्रोल और डीजल के भाव अपने पुराने स्तर पर ही टिके हुए हैं:

नई दिल्ली: पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर

मुंबई: पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर

कोलकाता: पेट्रोल 113.48 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर

चेन्नई: पेट्रोल 107.78 रुपये और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर

आपको बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है जब सरकार ने ऐसा किया हो. इससे पहले जुलाई की शुरुआत में जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव थोड़ा कम हुआ था तब सरकार ने पेट्रोल पर टैक्स बढ़ाया था और डीजल को राहत दी थी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read