WhatsApp Green Dot Feature: क्या आप भी उन लोगों में से हैं जो यह देखने के लिए बार-बार किसी की वॉट्सऐप चैट खोलते हैं कि सामने वाला ऑनलाइन आया या नहीं? अगर हां, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है. वॉट्सऐप जल्द ही आपकी इस माथापच्ची को हमेशा के लिए खत्म करने जा रहा है. कंपनी एक नए ‘ग्रीन डॉट’ फीचर पर काम कर रही है, जिसके आने के बाद आप बिना चैट बॉक्स खोले ही एक नजर में जान पाएंगे कि आपका कौन सा दोस्त इस वक्त एक्टिव है.
प्रोफाइल फोटो पर दिखेगा हरा निशान
इस नए फीचर के तहत, जैसे ही कोई यूजर वॉट्सऐप पर ऑनलाइन आएगा, उसकी प्रोफाइल फोटो के ठीक नीचे एक छोटा सा हरे रंग का बिंदु दिखाई देने लगेगा. जैसे ही वह शख्स ऑफलाइन होगा, यह डॉट अपने आप गायब हो जाएगा. अभी किसी का ऑनलाइन स्टेटस देखने के लिए हमें उसकी चैट विंडो के अंदर जाना पड़ता है, जिससे कई बार प्राइवेसी की समस्या भी होती है. लेकिन यह नया विजुअल संकेत यूजर्स का काम बेहद आसान बना देगा.
फिलहाल कहां और कैसे दिखेगा यह डॉट?
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी इस फीचर को थोड़ा सीमित रखा गया है. फिलहाल यह ग्रीन डॉट सीधे चैट लिस्ट में नहीं बल्कि कॉन्टैक्ट इन्फो स्क्रीन पर दिखाई दे रहा है. यानी आपको उस यूजर की प्रोफाइल या नाम पर टैप करना होगा, जिसके बाद उसकी बड़ी प्रोफाइल फोटो के नीचे यह हरा निशान दिखाई देगा. हालांकि उम्मीद की जा रही है कि फाइनल रोलआउट तक इसे और बेहतर किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली की महिलाओं के लिए रक्षा बंधन का बड़ा तोहफा: शुरू होने जा रही ‘महिला समृद्धि योजना’, हर महीने मिलेंगे ₹2500
कब तक मिलेगा यह अपडेट?
फिलहाल यह धांसू फीचर टेस्टिंग के दौर में है. इसे iOS के लेटेस्ट बीटा वर्जन पर कुछ चुनिंदा आईफोन यूजर्स के लिए देखा गया है, जबकि एंड्रॉइड बीटा पर भी इसकी टेस्टिंग चल रही है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले कुछ ही महीनों में इसे सभी एंड्रॉइड और आईफोन यूजर्स के लिए ग्लोबली रिलीज कर दिया जाएगा. फिलहाल कंपनी ने इसकी किसी पक्की लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस खबर ने यूजर्स का एक्साइटमेंट जरूर बढ़ा दिया है.
प्राइवेसी का रखा गया है पूरा ख्याल
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि क्या इससे हमारी प्राइवेसी पर कोई असर पड़ेगा? तो इसका जवाब है- बिल्कुल नहीं. वॉट्सऐप ने साफ किया है कि यह ग्रीन डॉट फीचर आपकी मौजूदा प्राइवेसी सेटिंग्स के हिसाब से ही काम करेगा. इसका मतलब यह है कि अगर आपने अपना ऑनलाइन स्टेटस ‘नोबडी’ या कुछ खास लोगों से छिपा रखा है, तो उन्हें आपका ग्रीन डॉट दिखाई नहीं देगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



