Agra Aligarh Highway Accident- bharat express
Agra Aligarh Highway Accident: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. थाना खंदौली क्षेत्र में कंटेनर और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं.
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर और डंपर की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों से तेज लपटें निकलने लगीं. आग इतनी विकराल थी कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. हाईवे से गुजर रहे वाहन भी रुक गए. आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी पुलिस को दी.
बाइक सवार भी हादसे की चपेट में
हादसे के दौरान एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया. दुर्घटना में कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों में वाहन चालक भी शामिल है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बचाने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया. आग बुझाने के बाद वाहनों की जांच की गई. इस दौरान दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
यह भी पढ़ें: “कमाल कर दिया पायलट जी…”, सलमान खान हुए भारतीय पायलट की बहादुरी के मुरीद; सोशल मीडिया पर किया खास पोस्ट
हाईवे पर लगा जाम, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है. हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


