Asaduddin Owaisi
Asaduddin Owaisi: AIMIM की तरफ से उछाले गए ‘सालार गाजी’ का जिन्न अब यूपी में राजनीति में सिर चढ़कर बोल रहा है. पहले AIMIM प्रवक्ता के दिये बयानों पर आए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान ने माहौल को गर्मा दिया. अब असदुद्दीन ओवैसी ने भी इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सभी खत्म हो गए लेकिन सालार गाजी की दरगाह आज भी कायम है.
दरअसल असदुद्दीन ओवैसी उत्तर प्रदेश के बहराइच पहुंचे हुए थे. जहां उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर जनता में बिगुल फूंक दिया. इस दौरान उन्होंने मटेरा विधानसभा सीट के लिए AIMIM प्रत्याशी के नाम का भी ऐलान कर दिया. ओवैसी ने मटेरा सीट से शौकत अली को उम्मीदवार बनाया है.
पूरी ताकत से यूपी में चुनाव लड़ेगी AIMIM
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AIMIM प्रमुख ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय है. इस बार उनकी पार्टी हर तरह से तैयार होकर पूरी ताकत से चुनावी अखाड़े में उतरेगी.
सालार गाजी को लेकर भी ओवैसी ने बड़ा बयान दे डाला. उन्होंने कहा कि जब 5 साल पहले वो यहां आकर सभा की थी तब भी सालार गाजी मसूद की दरगाह पर गए थे.
आबाद रहेगी दरगाह
दरगाह पर लगातार उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए ओवैसी ने इसे हमेशा आबाद रहने वाला दरगाह बताया. उन्होंने कहा कि हुकूमतें आती-जाती रहती हैं,लेकिन ऐतिहासिक धरोहर और धार्मिक स्थल अपनी पहचान उसी तरह बनाये रखते हैं. मुगल खत्म हो गए, दिल्ली सल्तनत तबाह हो गई, कई हुक्मरान आए और चले गए, लेकिन सालार गाजी मसूद की दरगाह आज भी कायम है.
ये भी पढ़ें- ओम बिरला के चैंबर में क्या हुआ? TMC के 20 बागी सांसदों ने बंद कमरे में कर दिया बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने एनकाउंटर को मासूम लोगों को परेशान करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश से 40 से 60 प्रतिशत बीफ को दूसरे देशों में भेजा जाता है. उन्होंने यूपी की योगी सरकार को बीफ एक्सपोर्ट के मुद्दे पर भी घेरा और जवाब मांगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


