Ayodhya Ram Lalla Darshan New Time Table: अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान श्रीरामलला के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहद जरूरी और बड़ी खबर आई है. बदलते मौसम और सर्दी के आगमन को देखते हुए श्रीरामलला की दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की समय-सारणी में अहम बदलाव किया गया है. यह नई व्यवस्था आगामी रविवार यानी 1 नवंबर 2026 से प्रभावी हो जाएगी. नए शेड्यूल के तहत अब मंदिर के पट प्रातः 4 बजे खुलेंगे और रात्रि 10 बजे बंद कर दिए जाएंगे.
जानिए आरती और मंगला दर्शन का नया समय
मुख्य अर्चक आचार्य केशव जी ने बताया कि 1 नवंबर से सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी. इसके बाद सुबह 4:40 से 6:30 बजे तक भगवान के अभिषेक, श्रृंगार और नैवेद्य के लिए पट बंद रखे जाएंगे. सुबह 6:30 बजे भव्य श्रृंगार आरती होगी और ठीक 7 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो जाएंगे.
दिनभर में बालभोग और राजभोग के समय में भी थोड़ा फेरबदल हुआ है. सुबह 8:00 से 8:10 बजे तक बालभोग लगेगा, जिसके बाद 11:30 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे. दोपहर 11:30 से 12 बजे तक राजभोग के बाद 12 बजे राजभोग आरती होगी. दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीरामलला विश्राम करेंगे, जिसके बाद दोपहर 1:35 बजे से फिर से दर्शन शुरू हो जाएंगे.
शाम की आरती और रात्रि में पट बंद होने का समय
शाम के समय 4:00 से 4:10 बजे तक बालभोग के बाद शाम 6:45 बजे तक दर्शन होंगे. शाम 7 बजे संध्या आरती की जाएगी. वहीं, रात 9:30 बजे शयन आरती होगी और ठीक 10 बजे मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे. अगर आप भी 1 नवंबर के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो इस नए समय को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा तय करें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



