Ballia News
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया से ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों के जेहन में ‘पंचायत’ वेब सीरीज की यादें ताजा कर दी. यहां सचिव जी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, जिसपर प्रधान जी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भेज दिया. यहीं नहीं प्रधान जी ने सचिव जी से 3 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है.
यह पूरा मामला बेलहरी विकासखंड की बहादुरपुर ग्राम सभा की है. जहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. ग्राम प्रधान अजय कुमार चौबे ने पंचायत के सभी महत्वपूर्ण लोगों से इस दौरान मौजूद रहने के लिए कहा था, लेकिन झंडारोहण कार्यक्रम में सचिव आशीष कुमार नहीं पहुंचे.
झंडारोहण कार्यक्रम के दौरान सचिव को नहीं देखकर प्रधान अजय कुमार चौबे का पारा चढ़ गया. उन्होंने तुरंत सचिव आशीष कुमार से स्पष्टीकरण मांगते हुए 3 दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा है.
पत्र में क्या बोले प्रधान जी?
सचिव को जारी पत्र में ग्राम प्रधान ने बताया है कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के दिन ग्राम पंचायत में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में सचिव नहीं शामिल हुए. यह राष्ट्रीय पर्व के प्रति उदासीनता और अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही है.
ग्राम प्रधान अजय कुमार चौबे ने अपने पत्र में यह भी बताया है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व के दौरान पंचायत सचिव का उपस्थित नहीं रहना बेहद निंदनीय है. इसे विभागीय नियमों के तहत गंभीरता से लिया जाएगा.
संतोषजनक जवाब दो नहीं तो होगी कार्रवाई
प्रधान जी ने सचिव जी को चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित 3 दिनों के अंदर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो वो इस मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करेंगे.
इस घटना की जानकारी जैसे ही मीडिया में सामने आई, पंचायत स्तर पर मौजूद कर्मचारियों के अंदर राष्ट्रीय पर्व से जुड़े मौकों पर उनकी जिम्मेदारी का अहसास होने लगा है. वहीं इस मामले को लेकर लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


