Bharat Express DD Free Dish

अस्पताल में अजनबियों से सावधान! सो रही थी मां, गोद से गायब हुआ बच्चा; चंद घंटों में कैसे खुला नवजात चोरी का राज?

दिल्ली के रोहिणी स्थित एक अस्पताल से दो दिन के नवजात के चोरी होने की घटना से मंगलवार को सनसनी फैल गई. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने महज कुछ घंटो के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया.

Delhi Kidnapping Case

दिल्ली के रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी हो गया था. आरोपी महिला ने खुद को तीमारदार बताकर मां का विश्वास जीता और बच्चे को लेकर फरार हो गई. पुलिस ने CCTV और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से 12 घंटे से भी कम समय में महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर नवजात को सकुशल परिवार को सौंप दिया. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है. चलिए जानते है पूरा मामला:

अस्पताल से बच्चा चोरी होने से मची सनसनी

मंगलवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से महज 2 दिन के नवजात शिशु के चोरी होने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. परिवार और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. नवजात की मां को जब नींद से जागने पर बच्चा पास में नहीं मिला तो तुरंत अस्पताल स्टाफ को जानकारी दी गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.

जांच में सामने आया कि करीब 40 वर्षीय महिला ने खुद को किसी मरीज की तीमारदार बताकर पहले नवजात की मां से जान-पहचान बढ़ाई. धीरे-धीरे उसने भरोसा जीत लिया. मंगलवार तड़के उसने बच्चे को खिलाने का बहाना बनाया और उसे गोद में लेकर अस्पताल से फरार हो गई. अस्पताल के CCTV फुटेज में आरोपी महिला नवजात को गोद में लिए हुए दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा तय की.

12 घंटे से भी कम में गिरफ्तारी

रोहिणी जिले की नार्थ रोहिणी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कई टीमें गठित कीं. CCTV फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से पुलिस ने महज 12 घंटे से भी कम समय में आरोपी महिला और उसके 20 वर्षीय साथी को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से नवजात के साथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पुलिस से बचने के लिए कई बार मेट्रो, रिक्शा और अन्य वाहन बदलती रही, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे धर दबोचा.

नवजात के सकुशल वापसी पर परिवार में खुशी

रोहिणी जिले के एडिशनल डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी महिला और उसका साथी नोएडा के रहने वाले हैं. पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे पहले भी इस तरह की वारदात में शामिल रहे हैं या उनके अन्य साथी भी हैं. पुलिस ने नवजात को सुरक्षित बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया. बच्चे के सुरक्षित लौटने से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. परिजन लगातार पुलिस का धन्यवाद कर रहे हैं और उन्हें दुआएं दे रहे हैं.

हाल के दिनों में दिल्ली में बच्चों के गायब होने की खबरों के बीच यह मामला राहत देने वाला जरूर है, लेकिन साथ ही एक चेतावनी भी है. आम लोगों को चाहिए कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति पर आसानी से भरोसा न करें और खासतौर पर अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतें.

यह भी पढ़े: कूनो से आई खुशखबरी..! झूम उठे मोहन यादव और भूपेंद्र यादव; जाने क्या-क्या कहा?

-भारत एक्सप्रेस

Edited By: Shubhra Rai (Intern)



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read