Bharat Express DD Free Dish

बच्चों की जान से खिलवाड़! स्कूल वैन की छत पर बिठाए मासूम, Video Viral होने पर मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल 54 सेकंड के एक वीडियो में एक निजी स्कूल की वैन की छत पर बने लोहे के करियर के अंदर बच्चे बैठे दिखाई दे रहे हैं. पूछताछ करने पर ड्राइवर ने भीड़ अधिक होने का बहाना बनाया.

UP News: यूपी के बिजनौर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी भी माता-पिता का कलेजा कांप उठेगा. यहां के अफजलगढ़ इलाके में बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर एक निजी स्कूल की वैन की छत पर बच्चों को भेड़-बकरियों की तरह बिठाकर ले जाया जा रहा है. शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ मासूम वैन के भीतर ठुंसे हुए हैं तो कुछ को वैन की छत पर लगे लोहे के करियर के अंदर बिठाया गया है.

“भीड़ ज्यादा थी तो छत पर बिठाया”

करीब 54 सेकंड के इस वायरल वीडियो में एक स्थानीय शख्स वैन ड्राइवर से पूछताछ करता नजर आ रहा है. जब उससे पूछा गया कि क्या वो रोज बच्चों को इसी तरह जान जोखिम में डालकर ले जाता है तो ड्राइवर ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया. उसका कहना था कि, “आज भीड़ ज्यादा थी, इसलिए बच्चों को छत पर बिठाना पड़ा.” वीडियो बनाने वाला शख्स इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा मंत्री से शिकायत करने की बात भी कह रहा है. यह पूरा मामला अफजलगढ़ क्षेत्र के अलियारपुर गांव का बताया जा रहा है.

स्कूल प्रशासन का अजीब दावा

मामला तूल पकड़ते ही स्कूल प्रशासन अब अपना पल्ला झाड़ने में लगा है. स्कूल मैनेजमेंट का आरोप है कि एक अभिभावक ने जानबूझकर ड्राइवर पर दबाव बनाया और यह वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

हालांकि वीडियो में साफ दिख रही लापरवाही को लेकर स्कूल के पास कोई ठोस जवाब नहीं है. इस वीडियो के सामने आने के बाद अन्य अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद डरे हुए हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर मामले पर जब परिवहन विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला.

ये भी पढ़ें- मेरठ में सांप बना हत्या का हथियार! एक्सीडेंट में बचा पति तो नाग से डसाया, पत्नी ने बताया क्यों किया?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read