Bharat Express DD Free Dish

BJP विधायक पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार: बैंक खाते से उड़े ₹1.55 लाख

यूपी की चायल सीट से BJP विधायक पूजा पाल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने ₹1.55 लाख उड़ाए. आईफोन हैक होने की आशंका, प्रयागराज के धूमनगंज थाने में FIR दर्ज.

BJP MLA Pooja Pal Cyber Fraud Case Registered In Prayagraj Bharat Express

उत्तर प्रदेश में साइबर अपराधी कितने बेखौफ हो चुके हैं, इसका ताजा उदाहरण प्रयागराज से सामने आया है. कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक पूजा पाल साइबर ठगी (ऑनलाइन फ्रॉड) का शिकार हो गई हैं. शातिर ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर कई किश्तों में कुल 1.55 लाख रुपये उड़ा लिए. विधायक की तहरीर पर प्रयागराज के धूमनगंज थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

बिना जानकारी PhonePe से कटे पैसे

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक पूजा पाल का प्रयागराज के धूमनगंज स्थित ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया’ की शाखा में खाता है. 14 सितंबर को जब उन्होंने अपना बैंक स्टेटमेंट चेक किया, तो उनके होश उड़ गए. खाते से ऐसे कई ट्रांजेक्शन हुए थे, जिनकी उन्हें भनक तक नहीं थी.

22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच PhonePe और UPI के जरिए किश्तों में पैसे निकाले गए. विधायक ने आशंका जताई है कि किसी ने उनके आईफोन 17 एयर को हैक कर उनके पर्सनल और बैंकिंग डेटा का गलत इस्तेमाल किया है.

मोबाइल के टेक्निकल ऑडिट की मांग

साइबर ठगी का पता चलते ही विधायक पूजा पाल ने तुरंत एक्शन लिया. उन्होंने धूमनगंज पुलिस स्टेशन के साथ-साथ प्रयागराज साइबर क्राइम थाना और संबंधित बैंक मैनेजर को भी शिकायत की कॉपी सौंपी है.

विधायक ने पुलिस से मांग की है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी UPI ट्रांजेक्शन और बेनिफिशियरी खातों की गहन जांच की जाए. साथ ही उनके आईफोन का टेक्निकल ऑडिट कराया जाए ताकि पता चल सके कि फोन में कोई स्पाईवेयर या हैकिंग टूल तो नहीं डाला गया था. उन्होंने खाते से हुई अवैध निकासी को तत्काल रोके जाने और चुराए गए 1.55 लाख रुपये वापस दिलाए जानें की भी मांग की.

जांच में जुटा साइबर सेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए धूमनगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम एक्टिव हो गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन खातों और UPI आईडी में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उन्हें ट्रेस किया जा रहा है. जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा. वीआईपी प्रतिनिधि के साथ हुई इस ऑनलाइन ठगी ने आम जनता के बीच डिजिटल सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें: ‘शादी नहीं की तो मार डालूंगा…’ रामपुर में सिरफिरे आशिक ने घर में घुसकर युवती के सिर पर चलाई कुल्हाड़ी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read