Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘केवल राष्ट्रभक्ति से चलेगा देश’, शामली में गरजे डॉ. दिनेश शर्मा, बोले- नौजवानों के हाथ में कट्टा नहीं हुनर

Dr. Dinesh Sharma In Shamli: राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने शामली में जनरैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश जाति-धर्म नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति से चलेगा. उन्होंने महिला आरक्षण, यूपी के विकास और कश्यप जयंती पर कांग्रेस-सपा पर जमकर निशाना साधा.

Dr Dinesh Sharma In Shamli

Dr. Dinesh Sharma In Shamli: राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि यह देश केवल राष्ट्रभक्ति के आधार पर ही चलेगा. इसे जाति या धर्म के आधार पर नहीं चलाया जा सकता है. शामली में गुर्जर समाज के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह और मनीष चौहान के संयोजन में आयोजित एक विशाल जनरैली में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए डॉ. शर्मा ने केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष की नीतियों को आड़े हाथों लिया.

भाजपा सरकार में सबके साथ हो रहा न्याय

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आज देश में चल रही सभी योजनाओं का आधार केवल ‘जनकल्याण’ है और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय विपक्षी दलों के लिए आज भी मात्र एक ‘वोट बैंक’ है, जबकि भाजपा सरकार के लिए वे देश के सम्मानित नागरिक हैं. भाजपा सरकार तुष्टीकरण में नहीं, बल्कि सबके साथ न्याय करने में विश्वास करती है और यही देश को मजबूत करने का सही रास्ता है.

वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत का मान

स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने ऐलान किया कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देने जा रही है. इससे महिलाएं देश के निर्माण में अपना सीधा योगदान दे सकेंगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को सरकार की यह पहल रास नहीं आने वाली है. इस दौरान रैली में मौजूद अपार जनसमूह ने दोनों हाथ उठाकर मोदी सरकार के इस महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया.

भारत की वैश्विक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने दम पर दुनिया में खड़ा है. यह वह भारत नहीं है जिसकी दीन-हीन तस्वीरें दुनिया में प्रसारित होती थीं. आज जब पीएम मोदी जी-20 देशों की अध्यक्षता करते हुए मंच पर बैठते हैं, तो कभी भारत पर राज करने वाले देशों के नेता उनके सामने मंच के नीचे बैठते हैं. भारत आज दुनिया का नेतृत्व कर रहा है. इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक आर्थिक प्रबंधन की तारीफ करते हुए कहा कि पाकिस्तान-ईरान युद्ध की स्थिति के कारण पड़ोसी देशों में पेट्रोल के दाम बढ़े और पंप बंद हो गए, लेकिन भारत सरकार के कुशल प्रबंधन से देश में ऐसा कोई संकट उत्पन्न नहीं हुआ.

कांग्रेस-सपा पर प्रहार

डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों की वायदाखिलाफी के कारण राजनेताओं पर जनता का भरोसा कम होने लगा था. गरीबी हटाने का नारा देने वाली कांग्रेस के राज में गरीब ही सबसे ज्यादा पीड़ित था. कांग्रेस ने ही देश पर लोकतंत्र को कलंकित करने वाला ‘आपातकाल’ थोपा था. वहीं, समाजवादी पार्टी ने सांप्रदायिक उन्माद फैलाने के लिए राम मंदिर बनाने का प्रण लेने वाले निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं. इसके विपरीत, भाजपा ने अपनी कथनी और करनी में एकरूपता रखकर राजनेताओं पर कम होते भरोसे को फिर से बहाल किया है.

कट्टे की जगह हुनर और माफिया का खात्मा

विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर प्रहार करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि एक समय था जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश खस्ताहाल था. सड़कों का अता-पता नहीं था और यह क्षेत्र लगातार दंगों की आग में जलता रहता था. दंगा कराने वाले ही सत्ता पर काबिज होते थे ताकि ध्रुवीकरण के जरिए वोट बटोरे जा सकें. लेकिन आज योगी सरकार में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. सड़कें इतनी बेहतरीन हैं कि सफर का समय आधा रह गया है.

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता बिजली लाने का झांसा देकर चुनाव जीतते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव हर गांव में बिजली पहुंचाई है. आज बिजली का आना नहीं, बल्कि जाना खबर बनती है. प्रदेश आज माफिया मुक्त हो चुका है. नौजवानों के हाथों में अब कट्टा नहीं, बल्कि हुनर है, जिससे वे रोजगार पा भी रहे हैं और दे भी रहे हैं. स्वच्छता मुहिम से गोरखपुर में मस्तिष्क ज्वर (Encephalitis) जैसी जानलेवा बीमारी का खात्मा हुआ है. जनधन खाते, किसान सम्मान निधि, हर घर नल से जल और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं ने आम आदमी का जीवन आसान कर दिया है. यूपी में आज 17 एक्सप्रेस-वे और 20 से अधिक हवाई अड्डे हैं. सीएम योगी के गोरखपुर मठ में हर दिन दो हजार से अधिक लोग बिना भेदभाव के भोजन करते हैं.

विपक्ष के ‘सांप’ वाले बयान पर पलटवार

शामली में ही पूर्व विधान परिषद सदस्य सुरेश कश्यप के संयोजन में आयोजित ‘कश्यप जयंती’ की विशाल रैली को भी डॉ. शर्मा ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भगवान ब्रह्मा के मानस पुत्र महर्षि कश्यप जी को प्रकृति और मानव का सृजनकर्ता माना गया है. भगवान राम दुनिया की नैया पार लगाते हैं, लेकिन उनकी नाव पार लगाने वाले निषादराज की भी आज जयंती है. उन्होंने कहा कि विपक्ष भगवान राम का विरोधी है, और जो राम का नहीं हो सकता, कश्यप समाज कभी उसके साथ नहीं हो सकता. राम कण-कण में हैं और जहां धर्म व सत्य है, वहीं राम हैं.

डॉ. शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया और समाज के लोगों को उद्यमी बनाने की राह खोली. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा संघ (RSS) और भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘सांप’ कहने और उन्हें मार डालने वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश में किसी की हिम्मत नहीं है कि वह राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेने वाले कार्यकर्ताओं की ओर आंख उठाकर भी देख ले. भाजपा का कार्यकर्ता न किसी को दबाता है और न ही किसी से दबता है.

ये भी पढ़ें: ‘उर्दू जहां बोली जाती है, वहां जाओ…’ बंगाल में गरजे योगी, TMC पर बोला करारा हमला

उन्होंने मौलाना कल्बे सादिक के एक पुराने बयान का भी जिक्र किया, जब लखनऊ नगर निगम के एक कार्यक्रम में मौलाना ने कहा था कि यदि कोई मुसलमान रोजे से है और नमाज पढ़ने जा रहा है, लेकिन किसी हिंदू भाई की जान खतरे में है, तो उसका पहला कर्तव्य हिंदू भाई की जान बचाना है, भले ही नमाज छूट जाए. डॉ. शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कुरान का हवाला देकर इस तरह के सद्भाव को तोड़ते हुए गलत बयानबाजी की है.

कार्यक्रमों में दिग्गज नेताओं का रहा जमावड़ा

कांधला में आयोजित सामाजिक सम्मेलन में विधान परिषद सदस्य चौधरी वीरेंद्र सिंह, मनीष चौहान, भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहित बेनीवाल, भाजपा नेता सुनील बराला, शामली जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, पानीपत (हरियाणा) की मेयर कोमल सैनी, हरबीर मलिक और पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. वहीं, शामली में आयोजित दूसरी कश्यप-निषाद रैली में संयोजक सुरेश कश्यप, विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान, मोहित बेनीवाल, उदयवीर कश्यप, देवी कश्यप, राकेश कश्यप और जसवंत कश्यप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital