Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

आतंकी हमले पर सपा नेताओं का बयान शर्मनाक, सपा नेता के बयान पाक प्रवक्ता के लग रहे: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए 2017 से पहले के अराजक माहौल और सरकार के सुधारात्मक कदमों पर चर्चा की. उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

CM Yogi

सीएम योगी आदित्यनाथ

देवरिया में वर्ष 2017 से पहले बीमारी, गुंडागर्दी, अराजकता, अव्यवस्था का माहौल था. उस दौरान त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से नहीं मनाए जा सकते थे. उस समय नौजवान पलायन और किसान आत्महत्या के लिए मजबूर होता था. यहां पर मुसहर, वनटांगिया जैसी तमाम जातियां भूखमरी का शिकार थीं. वहीं उस दौरान जो सत्ता में थे, वह चैन की बंसी बजा रहे थे क्योंकि वह स्वयं के परिवार तक ही सीमित रह गये थे. ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को देवरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही.

इससे पहले सीएम ने बटन दबाकर 676 करोड़ की 501 परियाेजनाओं में से 341 परियोजनाओं का लोकार्पण और 160 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस दाैरान सीएम योगी ने सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण की चेक, स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 7 करोड़ 87 लाख 50 हजार धनराशि का चेक, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की चाबी, ट्रैक्टर की चाबी, पट्टा योजना के तहत 37 लाभार्थियों को पट्टा, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित पेंशन की चेक सौंपी.

वहीं हाईस्कूल में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रीति कुशवाहा और इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्वेता प्रसाद को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया.

आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर समाजवादी पार्टियों के नेताओं के काफी शर्मनाक बयान सामने आए हैं. उनके बयान से यह पता लगाने में काफी मुश्किल हो रही है कि वह सपा के नेता का बयान है या फिर पाक का प्रवक्ता बयान दे रहा है. सीएम ने कहा कि सोमवार को मुंबई में सपा के एक पदाधिकारी ने शर्मनाक बयान दिया. सीएम ने कहा कि आतंकवादियों ने कानुपर के शुभम द्विवेदी की निर्मम हत्या कर दी. इस पर जब पत्रकारों ने सपा अध्यक्ष से उनके घर पर न जाने की वजह पूछी तो उन्होंने जवाब दिया कि वह हमारी पार्टी का नहीं था. यह बयान काफी दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है.

सीएम ने कहा कि पूरा देश पार्टी लाइन से ऊपर उठकर घटना की निंदा कर रहा है और सपा के नेता दुर्भाग्यपूर्ण बयान दे रहे हैं. सपा का एक राष्ट्रीय महासचिव बयान देता है कि हिंदू ने ही हिंदू को मारा है यानी पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कुत्सित चेष्टा की जा रहा है.

सीएम ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता जातिवाद, विभाजनकारी और तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं. यह लोग ही आप सबकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का कुत्सित प्रयास करते हैं. सीएम ने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. वहीं पूरा देश एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है.

देवरिया को मिला चार मंजिला सरकारी डिग्री काॅलेज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवरिया में वर्ष 2017 से पहले इंसेफलाइटिस से हजारों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. आज देवरिया के साथ पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने माफिया मुक्त, दंगा मुक्त और विकास की दिशा में तेज़ी से बढ़ने वाले राज्य के रूप में अपनी पहचान बनाई है.

उन्होंने कहा कि देवरिया में चार मंजिला सरकारी डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया गया है, जो कि इस क्षेत्र में पहली बार है. इसमें कला, विज्ञान और वाणिज्य की कक्षाएं एक साथ शुरू की जाएंगी. इसके साथ ही पथरदेवा में एक नया डिग्री कॉलेज शुरू किया जा रहा है, जिसमें वाणिज्य की कक्षाएं शुरू की जाएंगी. गौरी बाजार में एक कॉलेज में ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि वहां की सभी गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके.

सीएम ने कहा कि पहले किसी ने कल्पना नहीं की थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह की संस्थाएं बन पाएंगी, लेकिन अब यह सच हो चुका है. पहले देवरिया में दंगे होते थे, बीमारियां फैलती थीं, लेकिन अब नया देवरिया और उत्तर प्रदेश अपनी पहचान विकास के माध्यम से बना रहा है. आज हमारी पहचान इंसेफलाइटिस, मलेरिया या डेंगू जैसी बीमारियों से नहीं, बल्कि हाईवे, रेलवे, मेट्रो और वर्ल्ड क्लास एक्सप्रेसवे के रूप में होती है.

देवरिया से गोरखपुर तक हो रहा फोरलेन का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया से गोरखपुर तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे दिल्ली और अन्य बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा गोरखपुर से बलिया तक के मार्ग को फोरलेन में बदला जा रहा है. देवरिया से कासिया और पडरौना के मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जा रहा है. अब देवरिया से सीधे दिल्ली या शामली पहुंचने के लिए अधिक समय नहीं लगेगा. यह विकास कार्य शीघ्रता से पूरे होंगे.

उन्होंने कहा कि देवरिया में न सिर्फ मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज बनाए जा रहे हैं, बल्कि गरीबों के लिए हर एक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. मुसहर, वनटांगिया जैसे समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम तेजी से हो रहा है.

सीएम ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि वह लोग जिनकी सोच परिवार तक सीमित है और जो जातिवाद की राजनीति करते हैं, उनका ध्यान सिर्फ अपन परिवार की भलाई पर है. जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने प्रदेश को केवल गरीबी, बेरोजगारी और असुरक्षा दी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए कई योजनाएं बनाई हैं. इसी के तहत 15 लाख निर्धन परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार हर गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि गरीबी एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि सरकार के लिए भी चुनौती है और हम इसे हर हाल में दूर करेंगे.

इस अवसर पर मंत्री सूर्य प्रताप शाही, योगेंद्र उपाध्याय, दया शंकर सिंह, राज्य मंत्री रजनी तिवारी, विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक जय प्रकाश निषाद, शलभ मणि त्रिपाठी, दीपक मिश्रा, सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमा पति राम त्रिपाठी आदि उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: एक और सास होने वाले दामाद के साथ हुई फरार, ऐसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी, पढ़ें, क्या है पूरा मामला?

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital