Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘त्रेता की भावना को जीवंत करती है नई अयोध्या…’, दीपावली सीएम योगी ने दी खास बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के 10वें संस्करण और राम मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सभा को संबोधित किया है.

CM-Yogi-Adityanath-Ayodhya-Deepotsav-Diwali

रोशनी, आस्था और उल्लास के महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दी हैं. इस पावन पर्व पर सीएम योगी ने अयोध्या में पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और संतों व आमजन के साथ इस महान उत्सव को मनाया.

सत्य की साधना और लोक-मंगल का संदेश

अपने आधिकारिक सोशल मीडिया संदेश के जरिए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए लिखा, “सत्य की साधना और सर्वमंगल की सनातन भावना के पावन महापर्व दीपावली की सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं.

मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन की पुण्य स्मृति से आलोकित यह महापर्व हमें सेवा, समरसता और सद्भाव के साथ लोक-कल्याण के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कामना की कि प्रभु श्री राम और माता जानकी की कृपा से हर आंगन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैल.

त्रेता युग की भावना को जगाती है भव्य अयोध्या- सीएम योगी

अयोध्या में पत्रकारों और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के 10वें दीपोत्सव में रिकॉर्ड संख्या में दीये प्रज्वलित किए गए हैं, जो हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक हैं. उन्होंने गर्व के साथ कहा कि आज की नई अयोध्या में गुलामी और दासता की मानसिकता का कोई भी निशान शेष नहीं बचा है.

जरूरतमंदों के साथ बांटी खुशियां

दीपावली के इस पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की अपनी परंपरा को निभाते हुए निषाद समुदाय, सफाई कर्मियों, नाविकों और जरूरतमंद परिवारों के बीच जाकर फल और मिठाइयां वितरित कीं.

इस दौरान अपने कड़े और स्पष्ट तेवरों में उन्होंने यह भी कहा कि अब अयोध्या की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है. अतीत की घटनाओं को याद करते हुए सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी, जय श्री राम बोलने वालों पर लाठी नहीं चलेगी और पंचकोसी, चौदहकोसी व चौरासी कोसी परिक्रमाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं लगेगा. अयोध्या को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर और गरिमामय स्वरूप देना ही सरकार का मुख्य संकल्प है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism