Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘मेरे प्यारे बच्चों…’, योगी की पाती में नौनिहालों से क्या-क्या बोले मुख्यमंत्री?

CM Yogi Ki Pati: यूपी में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ठीक पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य के नौनिहालों और उनके माता-पिता के नाम एक बेहद खास और भावुक ‘पाती’ (चिट्ठी) लिखी है. ‘मेरे प्यारे बच्चों…’ से शुरू होने वाले इस पत्र में उन्होंने श्रीराम और श्रीकृष्ण के गुरुकुल का जिक्र करते हुए बच्चों और अभिभावकों से एक ऐसी अपील की है.

CM Yogi Ki Pati School Chalo Abhiyan

CM Yogi Ki Pati: उत्तर प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने जा रही है. इस मौके पर ‘नवविनिर्माण के 9 वर्ष’ पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों (नौनिहालों) और उनके अभिभावकों के नाम एक खास पत्र (योगी की पाती) लिखी है. ‘मेरे प्यारे बच्चों…’ के संबोधन से शुरू हुए इस पत्र में सीएम योगी ने न सिर्फ बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं, बल्कि आधुनिक युग की चुनौतियों, जैसे मोबाइल की लत से बचने और संस्कारों के साथ पढ़ाई करने का बड़ा संदेश भी दिया है.

‘स्क्रीन टाइम घटाएं, एक्टिविटी टाइम बढ़ाएं’

अपने पत्र में सीएम योगी ने आज के तकनीकी युग की हकीकत को स्वीकार करते हुए बच्चों को इसके सही उपयोग की सलाह दी है. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, “आज तकनीकी का युग है, उसका सही उपयोग करना सीखें. ‘स्क्रीन टाइम’ (मोबाइल/टीवी देखने का समय) के स्थान पर ‘एक्टिविटी टाइम’ (शारीरिक गतिविधियों) पर ध्यान केंद्रित करें. खूब खेलें, खूब पढ़ें.” उन्होंने स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेलकूद व योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया है.

श्रीराम और श्रीकृष्ण के गुरुकुल का दिया उदाहरण

सीएम योगी ने बच्चों को शिक्षा और संस्कारों का महत्व समझाते हुए अपने बचपन के स्कूल का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा, “कुछ दिन पूर्व मुझे अपने विद्यालय जाने का सौभाग्य मिला, जहां से मुझे जीवन की मूल शिक्षा और संस्कार मिले. विद्यालय मात्र पढ़ाई का स्थान नहीं, अपितु व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला है.”

बच्चों को प्रेरित करने के लिए उन्होंने महापुरुषों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के मर्यादा पुरुषोत्तम और भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोगी स्वरूप की प्रथम सीढ़ी उनका ‘गुरुकुल’ ही था. इसके साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के सिद्धांतों को अपनाकर सकारात्मक सोच के साथ असंभव लक्ष्य हासिल करने का मंत्र भी दिया.

अभिभावकों से खास अपील

इस पाती में मुख्यमंत्री ने केवल बच्चों से ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता से भी सीधा संवाद किया है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को तो उत्तम शिक्षा दिला ही रहे हैं, लेकिन अपने आस-पड़ोस के उन वंचित बच्चों को भी स्कूल तक पहुंचाने का संकल्प लें जो शिक्षा से दूर हैं. जिन परिवारों को सरकारी योजनाओं का ज्ञान नहीं है, उन्हें जागरूक करने की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी चाहिए.

1 अप्रैल 2026 से ‘स्कूल चलो अभियान’ का शंखनाद

योगी का पाती में सीएम योगी ने सरकार के दृढ़ निश्चय को दोहराते हुए कहा कि यूपी का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसी संकल्प को पूरा करने के लिए पूरे प्रदेश में 1 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जा रहा है. पत्र के अंत में उन्होंने ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ का विजन रखते हुए कहा कि यह लक्ष्य तभी पूर्ण होगा जब सूबे का “हर बच्चा पढ़ेगा और हर बच्चा बढ़ेगा.”



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism