Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

धर्मान्तरण के खिलाफ खुलकर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुरु तेग बहादुर शहीदी पर्व पर संदेश यात्रा में दिया बड़ा बयान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा का स्वागत करते हुए अवैध धर्मांतरण पर सख्त रुख अपनाया. बलरामपुर में विदेशी फंडिंग से जुड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा.

cm yogi
Edited by Radha Priya

प्रदेश सरकार अवैध धर्मांतरण के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है. कुछ ताकतें योजनाबद्ध तरीके से देश के स्वरूप को बदलने की कोशिश कर रही हैं. यह समाज को तोड़ने और धार्मिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की साजिश है.

ऐसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. यह देश और समाज के खिलाफ गहरी साजिश है.

अनुसूचित जाति के लोगों को लालच और भय के जरिए धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो संविधान और सामाजिक समरसता के खिलाफ है.

ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सरकारी आवास पर श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350 वें शहीदी वर्ष को समर्पित श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा के दौरान कही.

सीएम योगी ने फूल बरसाकर संदेश यात्रा का किया स्वागत और सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा का सरकारी आवास पर स्वागत और सम्मान किया.

इस दौरान सीएम ने संदेश यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया. यहीं से संदेश यात्रा का शुभांरभ हुआ. संदेश यात्रा लखनऊ से चलकर कानपुर, इटावा, आगरा होकर दिल्ली के चांदनी चौक और शीशगंज गुरुद्वारा तक जाएगी.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि प्रदेश सरकार अवैध धर्मांतरण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- सरकार ने हाल ही में बलरामपुर में एक बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें अवैध धर्मांतरण को बढ़ावा देने के लिए विदेशों से धन राशि प्राप्त करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया. इस कार्रवाई में अवैध धर्मांतरण के लिए रेट तय करने के मामले को उजागर किया गया और अब तक 40 खातों में 100 करोड़ से अधिक का लेन-देन पाया गया है. यह आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा है.

सीएम योगी ने आगे कहा कि आज एक ऐतिहासिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल्ली तक एक संदेश यात्रा शुरू की गई. इस यात्रा का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी महाराज की शहादत को याद करना था, जिन्होंने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी जान दी थी. यात्रा दिल्ली के उस ऐतिहासिक गुरुद्वारे तक जाएगी, जहां गुरु तेग बहादुर जी ने अपना बलिदान दिया था.

गुरु तेग बहादुर जी की शहादत और बलिदान की याद दिलाती है संदेश यात्रा

सीएम योगी ने कहा कि यात्रा के माध्यम से 350 वर्षों के शहीदी इतिहास को जीवंत किया जा रहा है, जिसमें उस समय के कठिन कालखंड की याद दिलाई जा रही है जब औरंगजेब जैसे अत्याचारी शासक का शासन था. शासक का उद्देश्य था सनातन धर्म को समाप्त करना और इस्लामिक धर्म को बढ़ावा देना.

गुरु तेग बहादुर जी ने इस चुनौती का सामना करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन अपने पथ से कभी विचलित नहीं हुए. उन्होंने अपने बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को एक प्रेरणा दी. यह पूरी यात्रा शहादत और बलिदान की परंपरा की नींव पर खड़ी है.

जब हम इस शहीदी दिवस के आयोजन को देखते हैं, तो हमें उन संघर्षों और बलिदानों की याद आती है जिनके कारण आज हम स्वतंत्र और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हैं.

काई भी जाति और धर्म दबाव में आकर अपनी संस्कृति और धर्म न छोड़ें

सीएम योगी ने कहा कि सिख गुरुओं ने जिस बलिदान और त्याग की परंपरा की नींव रखी थी, उसे हमें आज भी जीवंत बनाए रखने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि हिंदू और सिखों के बीच फूट डालने के प्रयास कभी भी होते रहेंगे, लेकिन हमें सतर्क रहना होगा और इन साजिशों को नाकाम करना होगा.

सीएम योगी ने कहा कि शहीदी दिवस कार्यक्रम हमें यह प्रेरणा देता है कि हम सिख गुरुओं के बलिदान और शहादत की परंपरा को बनाए रखें और इसे वर्तमान समय के अनुसार अपनी रणनीतियों में ढालें.

इससे यह सुनिश्चित होगा कि समाज में कोई भी जाति, धर्म, वर्ग अपनी संस्कृति और धर्म को छोड़ने के लिए दबाव में न आएं. सीएम ने 550 वें प्रकाश पर्व और बाल दिवस के अवसर पर होने वाले आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब ये कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाते हैं.

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने के निर्णय का स्वागत किया.


ये भी पढ़ें- केवल पाकिस्तान का समर्थन करने की पोस्ट डालना देश के विरूद्ध अपराध नहीं: हाईकोर्ट


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital