उत्तर प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन सरोजनीनगर से बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार रखते हुए प्रदेश के अभूतपूर्व विकास और सुशासन का बखान किया. उन्होंने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और प्रगति का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है. साथ ही वह बोले कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘नया उत्तर प्रदेश’ नई ऊँचाइयों को छू रहा है.
मजबूत वित्तीय प्रबंधन और विकास दर
डॉ. सिंह ने बताया कि प्रदेश का विकास दर 11 प्रतिशत से अधिक है. राज्य का बजट देश में सर्वाधिक है तथा वित्तीय घाटा 3 प्रतिशत से कम रखा गया है, जो वित्तीय अनुशासन का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय जहां NAAC A++ श्रेणी में एक भी विश्वविद्यालय नहीं था, वहीं वर्तमान में प्रदेश के नौ विश्वविद्यालय इस सर्वोच्च श्रेणी में स्थान प्राप्त कर चुके हैं. वहीं QS एशिया रैंकिंग में भी वृद्धि दर्ज की गई है, जो गुणवत्ता आधारित सुधारों का जीता-जागता प्रमाण है.
‘योगी मॉडल’ से बदली कानून व्यवस्था
बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार रखते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने ‘योगी मॉडल’ की सफलता का जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण के लिए कठोर एवं प्रभावी कदम उठाए गए हैं. उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे सुरक्षित राज्यों में से एक बन चुका है.
यह भी पढ़ें: वैलेंटाइन स्पेशल: सात समंदर पार से आई फ्रेंच दुल्हन, क्यों चर्चा में है सिंगरौली की ‘इंटरनेशनल लव स्टोरी’?
सरोजनीनगर में विकास की बयार
अपने विधानसभा क्षेत्र सरोजनीनगर का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि लगभग 10,000 करोड़ रुपये की लागत से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी स्थापित की जा रही है. 800 एकड़ में विकसित हो रही 7,000 करोड़ रुपये की अनंतनगर परियोजना आकार ले रही है. साथ ही, लगभग 2,000 करोड़ रुपये के निवेश से देश की अग्रणी वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड (Ashok Leyland) की ईवी निर्माण इकाई रिकॉर्ड समय में स्थापित की गई है.
‘विकसित भारत-2047’ का मजबूत आधार
डॉ. सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर रहा है. यह परिवर्तन माननीय मुख्यमंत्री के निर्णायक नेतृत्व का परिणाम है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


