Etawah Conversion Case: उत्तर प्रदेश के इटावा में एक 13 साल की नाबालिग लड़की को पहले डांस क्लास के बहाने जाल में फंसाया गया, फिर उसकी वीडियो कॉल्स की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा. हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने लड़की पर धर्म परिवर्तन करने और परिवार छोड़ने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इस मामले में पुलिस के ढीले रवैये के बाद जब हिंदू संगठनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया, तब जाकर शनिवार देर रात 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ. पुलिस ने रविवार सुबह मुख्य आरोपियों समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
डांस सिखाने के बहाने बुना साजिश का जाल
पीड़ित लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने करीब डेढ़ महीने पहले एक डांस क्लास जाना शुरू किया था. वहां दीपा नाम की एक युवती और एक नाबालिग लड़की ने उससे दोस्ती बढ़ाई. धीरे-धीरे इन दोनों ने झांसा देकर पीड़ित लड़की की बात कुछ मुस्लिम लड़कों से करानी शुरू कर दी. जब मासूम लड़कों से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी, तब शातिरों ने चुपके से उसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली.
इसके बाद आरोपी उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लड़की को देर रात मिलने और जबरन बात करने के लिए मजबूर करने लगे.
‘हमारे धर्म में आ जाओ…’
लड़की के पिता के मुताबिक, मुख्य नाबालिग आरोपी और जीशान नाम के लड़के ने उनकी बेटी पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और हिंदू धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. लड़की के फोन पर राज्य से बाहर ले जाने और धर्म परिवर्तन से जुड़े कई मैसेज भी भेजे गए.
पीड़ित लड़की ने रोते हुए बताया कि एक आरोपी के पिता भी इस घिनौने काम में शामिल थे, जो उसे अपने पास बैठने को कहते थे. जब लड़की ने विरोध किया तो आरोपियों ने अपने रसूख की धौंस देते हुए कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती.
मकान मालिक ने की सबूत मिटाने की कोशिश
इस मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पीड़ित के पिता किसी काम से मैनपुरी गए हुए थे. पीछे से उनके मकान मालिक अंशु यादव ने बच्चियों को डरा-धमकाकर उनका मोबाइल छीन लिया. अंशु ने जबरन फोन का लॉक खुलवाया और ब्लैकमेलिंग से जुड़े सारे व्हाट्सएप चैट, रिकॉर्डिंग्स और पुख्ता सबूत डिलीट कर दिए ताकि आरोपियों को बचाया जा सके.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
सीओ सिटी अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर जीशान, अयान, अंशु यादव, दीपा, एक नाबालिग लड़की और उसके पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और अवैध धर्मांतरण कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 4 आरोपियों को दबोच लिया है और बाकी की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: उन्नाव में खून से सनी पूजा, सिर झुकाते ही बेटे ने कुल्हाड़ी से BJP नेता पर किया ताबड़तोड़ हमला, क्या है वजह?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


