Bharat Express DD Free Dish

उन्नाव में खून से सनी पूजा, सिर झुकाते ही बेटे ने कुल्हाड़ी से BJP नेता पर किया ताबड़तोड़ हमला, क्या है वजह?

उन्नाव के औरास में भाजपा नेता प्रमोद पासी की उनके बड़े बेटे सोनेलाल ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी. वारदात तब हुई जब वे मंदिर में पूजा कर रहे थे. आरोपी बेटा जमीन के हिस्से और पत्नी के साथ विवाद में पिता द्वारा बहू का पक्ष लेने से नाराज था.

Unnao Crime Son Kills BJP Leader Father With Axe Inside Temple

Unnao BJP Leader Pramod Pasi Murder Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां औरास थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने जायदाद के विवाद और घरेलू कलह के चलते अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान 55 वर्षीय प्रमोद पासी उर्फ रेवती के रूप में हुई है, जो भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के हैदराबाद मंडल अध्यक्ष थे. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

पूजा करते पिता पर पीछे से किया वार

यह वारदात शनिवार शाम करीब पौने आठ बजे की है. ढकौली ग्राम सभा के चमारनखेड़ा निवासी प्रमोद पासी रोज की तरह गांव के मंदिर में पूजा करने गए थे. उन्होंने पहले शनि देव की पूजा की और जैसे ही बरम बाबा के सामने सिर झुकाया, तभी पीछे से घात लगाकर बैठे उनके बड़े बेटे सोनेलाल (36) ने कुल्हाड़ी से उनके सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला इतना जोरदार था कि प्रमोद पासी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देकर भाग रहे सोनेलाल को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

बहू का पक्ष लेते थे पिता

परिजनों के अनुसार, सोनेलाल शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. पिता प्रमोद पासी हमेशा अपनी बहू का पक्ष लेते थे और बेटे की हरकतों का विरोध करते थे. सोनेलाल चंडीगढ़ में रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था. करीब दस दिन पहले वह वहां से लौटा था, लेकिन सीधे घर आने के बजाय पहले अपनी ससुराल गया.

छह दिन पहले जब वह गांव पहुंचा, तो उसने पिता पर जमीन बेचकर पैसे देने या जायदाद का हिस्सा अलग करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. प्रमोद पासी इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे. इसी बात से खुन्नस खाए सोनेलाल ने अपने ही पिता की जान ले ली.

गांव में पुलिस बल तैनात

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि मृतक की पत्नी देशकुमारी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी सोनेलाल को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें: बंगाल सरकार का बड़ा ऐलान, तोड़फोड़ की तो भरना होगा 3 गुना जुर्माना, नहीं दिया तो होगी नीलामी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read