Bharat Express DD Free Dish

धूं-धूं कर जल उठीं वसुंधरा की झुग्गियां, दमकलकर्मियों की तत्परता से बची कई जानें और मकान

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-9 में सोमवार सुबह करीब 5:31 बजे झुग्गियों में भीषण आग लग गई. फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन टैंकरों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे पास के रिहाइशी मकान सुरक्षित बच गए.

Ghaziabad Major Fire breaks out in Vasundhara Slums, Fire brigade avoids big tragedy

Ghaziabad Fire: सोनु खान/गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से आज सुबह एक डराने वाली खबर सामने आई. वसुंधरा सेक्टर-9 स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी और तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को होने से पहले ही रोक लिया.

तड़के सुबह लगी आग

घटना सोमवार सुबह की है, जब गाजियाबाद कमिश्नरेट क्षेत्र के फायर स्टेशन वैशाली को सुबह करीब 05:31 बजे आग लगने की सूचना मिली. वसुंधरा सेक्टर-9 की झुग्गियों से उठती ऊंची लपटों और काले धुएं ने आसपास के इलाके में दहशत फैला दी. सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी और वैशाली के प्रभारी के नेतृत्व में बिना देरी किए तीन फायर टैंकरों को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया.

दमकल टीम की कड़ी मशक्कत

जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तो पांच झुग्गियां आग की चपेट में थीं और लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं. टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और चारों तरफ से हौज पाइप लाइन बिछाकर पंपिंग शुरू की. दमकलकर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

बड़ा नुकसान टला, कोई जनहानि नहीं

फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई का ही नतीजा था कि आग को आसपास के पक्के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, वरना यह हादसा काफी बड़ा रूप ले सकता था. सबसे राहत वाली बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य की पुष्टि की.

ये भी पढ़ें: हाईवे पर काल बनी ‘झपकी’: जालौन में श्रद्धालुओं से भरी टवेरा के उड़े परखच्चे, अयोध्या दर्शन कर लौट रहे 6 लोगों की गई जान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read