Lucknow Police News: रवि कुमार/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सबसे पॉश इलाका गोमतीनगर इन दिनों एक ऐसी तस्वीर की वजह से चर्चा में है, जिसने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गोमतीनगर स्थित चर्चित ‘फूड वैली’ में उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब सादी वर्दी में आए कुछ लोगों ने एक युवक को चारों तरफ से घेर लिया.
बाद में पता चला कि वे ठाकुरगंज और दुबग्गा थाने के पुलिसकर्मी थे. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें पुलिस का बेहद कड़ा और संवेदनहीन चेहरा नजर आ रहा है.
फूड वैली में हाई-वोल्टेज ड्रामा
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ फूड वैली में बैठा हुआ था. तभी अचानक सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे घेर लिया. पुलिस जब उसे जबरन उठाने लगी, तो युवक की पत्नी वजह पूछती रही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक न सुनी. इस दौरान मासूम बच्चा अपने पिता को बचाने के लिए रोता-बिलखता रहा, लेकिन वर्दी का रौब इतना था कि किसी का दिल नहीं पसीजा.
हंगामा इतना बढ़ गया कि युवक की पत्नी को खुद पुलिस के ही खिलाफ ‘112’ नंबर पर कॉल कर मदद मांगनी पड़ी. आसपास खड़े लोग मूकदर्शक बने रहे, जबकि कुछ ने इस पूरे वाकये को अपने कैमरों में कैद कर लिया.
क्यों हुई अचानक धड़पकड़?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये पूरी कार्रवाई दुबग्गा इलाके में हाल ही में हुए एक सनसनीखेज गोलीकांड से जुड़ी है. बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इस मामले का एक फरार आरोपी गोमतीनगर में अपनी फैमिली के साथ मौजूद है. इसी इनपुट के आधार पर ठाकुरगंज और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी और युवक को दबोच लिया.
हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर युवक की पहचान और उसके अपराध की पुष्टि सार्वजनिक नहीं की है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा हो रही है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या एक भगोड़े अपराधी को पकड़ने के लिए मासूम बच्चे और महिला के सामने इस तरह का व्यवहार जायज है? क्या सार्वजनिक स्थान पर बिना वर्दी के इस तरह की ‘किडनैपिंग स्टाइल’ की गिरफ्तारी कानून के दायरे में आती है? पुलिस के इस तरीके ने ‘फूड वैली’ जैसे पारिवारिक ठिकानों पर घूमने आने वाले लोगों के मन में भी खौफ पैदा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: मथुरा में कोतवाली के पास 3 मंजिला दुकान में लगी भीषण आग; 20 लाख का सामान राख, रहस्यमयी बनी आग की वजह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


