रिपोर्ट – समीर आलम
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सिरसा गांव के पास देर रात दो युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने अपने ही साथ काम करने वाले साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया.
महिला मित्र को लेकर हुआ था विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक और आरोपी दोनों एक ही कंपनी में साथ काम करते थे. देर रात किसी महिला मित्र को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते बहस इतनी उग्र हो गई कि आरोपी ने तैश में आकर धारदार हथियार निकाल लिया और अपने साथी पर हमला कर दिया. आरोपी ने युवक को चाकू से गोद डाला, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- खरखौदा में दरिंदगी और दंबगई से तंग आकर छात्रा ने खाया जहर, हालत नाजुक; मुख्य आरोपी अरमान गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही कासना थाना पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल था. वारदात के बाद से गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
- Published by Radha
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

