Bharat Express DD Free Dish

खरखौदा में दरिंदगी और दंबगई से तंग आकर छात्रा ने खाया जहर, हालत नाजुक; मुख्य आरोपी अरमान गिरफ्तार

मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय बीए की छात्रा ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किए जाने और बाद में धोखा मिलने से आहत होकर जहर खा लिया. अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता के परिजनों से आरोपी पक्ष द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का भी आरोप है.

Meerut, Uttar Pradesh
Edited by Radha Priya

UP News: मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी का झांसा देकर यौन शोषण का शिकार हुई अनुसूचित जाति की 23 वर्षीय बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. गंभीर हालत में परिजनों ने उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच भारी तनाव का माहौल है.

शादी का झांसा, अलगाव और फिर धोखा

मिली जानकारी के मुताबिक, करीब चार साल पहले पड़ोस में रहने वाले अरमान पुत्र अनीस ने छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा. दो साल पहले दोनों के बीच अनबन हुई तो बातचीत बंद हो गई. लेकिन हाल ही में जब अरमान की शादी कहीं और तय हो गई, तो दोनों के बीच फिर से संपर्क हुआ. आरोप है कि जब छात्रा ने अरमान से शादी का दबाव बनाया तो उसने साफ इनकार कर दिया. लगातार मिल रही उपेक्षा और धोखे से टूटकर बुधवार को छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया.

अस्पताल जाने के बाद घर में घुसकर मारपीट

हैरान करने वाली बात यह है कि जब पीड़िता जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही थी, तब आरोपी पक्ष ने अपनी दबंगई दिखाई. परिजनों का आरोप है कि बुधवार शाम आरोपी अरमान, उसकी मामी नगीना, खातून, समीना, सानिया और मामा महबूब, मोहसिन व दानिश उनके घर में जबरन घुस आए. आरोपियों ने पीड़िता के परिवार के साथ न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी.

ये भी पढ़ें- ‘मैं बदन सिंह बद्दो का आदमी हूं…’, मेरठ के फाइनेंसर से मांगी भारी रंगदारी

पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अरमान समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया गया है. अरमान मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है और खरखौदा में अपने मामा के घर रहकर बिजली फिटिंग का काम करता था.

मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए हैं और मजिस्ट्रेट ने अस्पताल जाकर छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है. वहीं, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस फिलहाल बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read