Meerut Groom Misses Wedding: मेरठ/हरीश शर्मा: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है. लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में एक युवती दुल्हन का जोड़ा पहनकर, हाथों में पिया के नाम की मेहंदी सजाए घंटों बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा वादा खिलाफी कर बारात लेकर नहीं पहुंचा. इस सदमे ने दुल्हन के पिता को अस्पताल पहुंचा दिया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
9 महीने का प्यार और जीने-मरने की कसमें
श्यामनगर गली नंबर-3 की रहने वाली इस युवती का अपनी ही रिश्तेदारी के एक युवक के साथ पिछले 9 महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों ने साथ निकाह करने का फैसला किया था. शुरुआत में युवक के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन काफी मान-मनौव्वल के बाद 2 अप्रैल 2026 की तारीख निकाह के लिए तय की गई.
तैयारियां धरी की धरी रह गईं
गुरुवार को दुल्हन के घर में जश्न का माहौल था. करीब 300 मेहमानों के लिए लजीज पकवान तैयार थे, टेंट लग चुका था और बैंड-बाजे वाले बारात का स्वागत करने को तैयार थे. लेकिन जैसे-जैसे घड़ी की सुइयां आगे बढ़ीं, परिजनों की धड़कनें तेज होने लगीं. दूल्हे और उसके परिवार को दर्जनों फोन किए गए, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिला.
दहेज और पारिवारिक दबाव की ‘खूनी’ दीवार
जब बारात नहीं आई और फोन बंद मिले, तो दुल्हन के पिता यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके. उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दुल्हन की मां रुखसाना का आरोप है कि दूल्हे की बहन और बहनोई ने आखिरी वक्त पर दूल्हे पर शादी न करने का दबाव बनाया. परिजनों का कहना है कि दूल्हे पक्ष को लग रहा था कि यहां से मोटा दहेज नहीं मिलेगा, जिसके कारण उन्होंने ऐन वक्त पर निकाह से पैर पीछे खींच लिए.
दुल्हन ने खुद संभाली कमान, पहुंची थाने
एक तरफ पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे थे, तो दूसरी तरफ बेबस दुल्हन ने हिम्मत नहीं हारी. वह अपने निकाह के जोड़े में ही परिजनों के साथ लिसाड़ीगेट थाने पहुँची और तहरीर दी.
ये भी पढ़ें: टेंशन में जूतों का कारोबार! इजरायल-ईरान जंग में झुलसा ‘ताज शहर’, समंदर में 200 करोड़ का माल
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हमें मामले की तहरीर मिली है. पुलिस टीम दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रही है. अगर आपसी सहमति नहीं बनी, तो धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
