Urdu Conclave 2026

बीच सड़क छेड़छाड़… फिर कार से कुचलने की कोशिश; जालौन में बीजेपी नेता और पुलिसकर्मियों पर गिरा कोर्ट का डंडा

Jalaun Court Order: जालौन में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बीजेपी नेता और एट थाने के पूर्व SHO समेत कई पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़, मारपीट और आरोपी को संरक्षण देने के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Jalaun Police

Jalaun Court Order:जालौन/देबांशु गिरि:  उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां कोर्ट के सख्त आदेश के बाद एक भाजपा नेता, एट थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी (SHO) और कई अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने यह कदम उठाया है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है.

जालौन के एट थाना क्षेत्र के एक चर्चित मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) उरई के आदेश पर बड़ी कानूनी कार्रवाई हुई है. कोर्ट के निर्देश के बाद भाजपा नेता कार्तिक त्रिपाठी, एट थाने में तैनात रहे तत्कालीन थाना प्रभारी (SHO), तत्कालीन उपनिरीक्षक (जंग बहादुर), दो अन्य पुलिसकर्मियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पीड़ित महिला की शिकायत पर कई महीनों तक कोई कार्रवाई न होने के बाद यह मामला अब कोर्ट के दखल से एफआईआर तक पहुंचा है.

दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, (Kartik Tripathi Jalaun)

शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि 26 फरवरी 2026 को उसके साथ बीच सड़क पर छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट की गई. यही नहीं, आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश भी की. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसे कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया. महिला का कहना है कि जब वह इस घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई. उसने देखा कि मुख्य आरोपी तत्कालीन SHO के सरकारी आवास पर आराम से बैठा हुआ था.

गाली-गलौज कर थाने से भगाया (Jalaun FIR BJP Leader)

महिला ने आगे आरोप लगाया कि जब उसने इस बात का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो तत्कालीन SHO और वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और गाली-गलौज करते हुए उसे थाने से भगा दिया. पुलिस स्तर पर कोई सुनवाई न होने के कारण पीड़ित महिला को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा. अब सीजेएम कोर्ट के आदेश पर एट थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें:  राजस्थान में UCC पर बड़ा कदम; अजमेर में जुटी भारी भीड़, दरगाह दीवान के उत्तराधिकारी ने रखी ये बड़ी शर्त

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read