Jaunpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आज यानी सोमवार (15 सितंबर 2025) सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. अयोध्या से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई. हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं. घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
छत्तीसगढ़ के थे सभी यात्री
यह दुर्घटना वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास हुई. मृतक और घायल सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ से आए थे. वे अयोध्या में रामलला के दर्शन कर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे.
मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं, हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग पुलिस ने 1 करोड़ के इनामी नक्सली सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश को मार गिराया, 2 अन्य नक्सली भी ढेर
श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या से काशी आ रही थी बस
जौनपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे. अयोध्या में दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु वाराणसी श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आ रहे थे. इसी दौरान बस (सीजी 07 सीटी 4681) ट्रेलर (बीआर 28 जीडी 1475) से टकराई. शुरुआती जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है. मामले की विस्तृत जांच के लिए टीम बनाई गई है.
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए आगे आए. पुलिस ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों को बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



