Bharat Express DD Free Dish

Jyoti Choudhary Arrest: इंस्टाग्राम पर पुलिस को दी चुनौती, हनीमून की रीलों से हरिद्वार में गिरफ्तार हुई मेरठ की आरोपी

Jyoti Choudhary arrest update: मेरठ लूटकांड में फरार चल रही आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया. इंस्टाग्राम पर शेयर की गई हनीमून रीलों और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंची.

Jyoti Choudhary arrest update

Jyoti Choudhary arrest update

Edited by Swati Pandey

Jyoti Choudhary arrest update: मेरठ/ हरीश शर्मा: मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से लूट के मामले में फरार चल रही आरोपी ज्योति चौधरी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई. सोशल मीडिया पर पुलिस को फिल्मी अंदाज में चुनौती देने वाली ज्योति को मेरठ पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद पति के साथ हनीमून पर गई ज्योति लगातार इंस्टाग्राम पर रील और पोस्ट साझा कर रही थी. इन्हीं सोशल मीडिया गतिविधियों ने उसकी लोकेशन पुलिस तक पहुंचा दी और उसकी गिरफ्तारी का रास्ता आसान हो गया.

चुनौती वाला वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लूट की वारदात के बाद से ज्योति चौधरी लगातार फरार थी. उसकी तलाश में कई पुलिस टीमें लगी थीं, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रही थी. इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था, शाका मारा जा सकता है लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के साथ उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी और इसी आधार पर शनिवार सुबह हरिद्वार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

हाल ही में हुई थी दूसरी शादी

पुलिस जांच में सामने आया कि किठौर थाना क्षेत्र के गांव छुछाई निवासी ज्योति चौधरी की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी. शादी के बाद दोनों हरिद्वार घूमने पहुंचे थे. जांच के दौरान यह भी पता चला कि ज्योति की पहले बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से शादी हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि वह पहले रागनी कार्यक्रमों में डांसर के रूप में काम करती थी.

महंगे शौक पूरे करने के लिए चुना अपराध का रास्ता

पुलिस का दावा है कि महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाह में ज्योति अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी जैसी वारदातों में शामिल हो गई. पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: मेरठ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, दूसरे को भागते समय आई चोट

12 जून की लूट के बाद शुरू हुई तलाश

मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार के मुताबिक, 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे. सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी बाइक व मोबाइल फोन लूट लिया. पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वारदात में एक युवती भी शामिल थी.

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी थी. अब ज्योति चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों, अन्य संभावित वारदातों और उससे जुड़े नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखावा और पुलिस को चुनौती देना आखिरकार ज्योति की सबसे बड़ी भूल साबित हुई.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read