Kanpur Dumper Theft
Kanpur Dumper Theft: जिस यूपी पुलिस की चुस्ती और तेज कार्रवाई की चारों-दिशाओं में चर्चा की जाती है, वो कितनी चुस्त है उसकी एक बानगी कानपुर में देखने को मिली. जहां पुलिस के नाक के नीचे से चोर डंपर उड़ा ले गए. चोरों ने इस चोरी को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि पुलिस को हवा तक नहीं लगी. जब मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में पुलिस की कई टीमों को चोरों को ढूंढने में लगाया गया. क्या पुलिस डंपर को ढूंढ पाई? आइये बताते हैं.
पहले पूरा मामला समझते हैं. दरअसल यह मामला कानपुर के पनकी थाने का है. जहां आरटीओ ने एक डंपर को सीज कर थाने में खड़ा कराया था. आरटीओ ने सोचा था पनकी थाने में खड़ा करेंगे तो डंपर सुरक्षित रहेगा, लेकिन हुआ इसके उल्टा. चोर पनकी थाने से ही डंपर उड़ा ले गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी. इस मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस महकमे को लगी, हड़कंप मच गया.
#कानपुर:पनकी थाने से सीज डंपर चोरी, पुलिस महकमे में हड़कंप,घटना के बाद पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े,आरटीओ विंध्याचल गुप्ता ने डंपर को सीज कर पनकी थाने में खड़ा कराया था,बिधनू थाना क्षेत्र से डंपर बरामद.@Uppolice @kanpurnagarpol #Kanpur pic.twitter.com/s5N9rZFxYB
— Axis Metro News (@Axismetromedia) June 10, 2026
पनकी थाने से ही उड़ा ले गए डंपर
बताया जा रहा है कि आरटीओ विंध्याचल गुप्ता ने शनिवार की सुबह में इस डंपर को सीज किया था. सुरक्षा की दृष्टि से उसे पनकी थाने में खड़ा करा दिया. लेकिन कुछ ही देर में चोरों ने पनकी थाने से डंपर उड़ा दिये. थाने से डंपर चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे. तुरंत पुलिस टीमों को एक्टिव किया गया. पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अगले दिन शाम को पुलिस ने डंपर को बिधनू इलाके से खोज निकाला.
ड्राइवर ही लेकर भाग निकला डंपर
डंपर मिलने के बाद पुलिस की सांस में सांस आई. मामले की जानकारी देने के लिए डीसीपी वेस्ट कासिम आब्दी मीडिया के सामने आये. उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात एआरटीओ ने एक डंपर को सीज किया था. जिसमें कोई सामान लदा था. एआरटीओ ने उसे पनकी थाने में खड़ा किया था, लेकिन वो डंपर अगले दिन गायब हो गया. मामले की सूचना मिलते ही तुरंत चोरी का केस दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- ऑनलाइन कर्ज का जानलेवा जाल: वलसाड में 22 साल के युवक ने 13वीं मंजिल से कूदकर दी जान, व्हाट्सएप पर लिखा- ‘I Quit’
डीसीपी ने बताया कि उसे डंपर चालक ही लेकर फरार हुआ था. पुलिस उसकी खोज में लग गईं और शाम को ही ट्रक बरामद कर लिया गया. वहीं ड्राइवर भी पुलिस हिरासत में है. उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया है. फिलहाल मामले की पूरी तफ्तीश की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

